सीईसी से मिलने के बाद ममता ने चुनाव आयोग पर बोला हमला

सीईसी से मिलने के बाद ममता ने चुनाव आयोग पर बोला हमला

 

निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एसआईआर के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग से ठनी हुई है। ममता बनर्जी सोमवार को 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के साथ दिल्ली स्थित मुख्य चुनाव आयोग के ऑफिस पहुंचीं। ममता के साथ उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। साथ में टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी के अलावा 12 लोग चुनाव आयोग गए थे, जिसमें 2 बीएलओ, 5 मृत परिजन और 5 जीवित लोग थे जिन्हें मृत दिखाया गया है। मुलाकात के बाद बाहर निकली ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर बड़ा हमला बोला।

इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एसआईआर के मुद्दे पर रविवार रात को एसआईआर में विसंगतियां और कथित प्रताड़ना झेलने वाले परिवारों को लेकर दिल्ली पहुंची थीं। इस बीच, उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस बंगाल से गए लोगों को प्रताड़ित कर रही है। सोमवार सुबह उन्होंने चाणक्यपुरी और हेली रोड स्थित बंग भवन का दौरा किया, जहां ये परिवार रुके हुए हैं। यहां उन्होंने दिल्ली पुलिस की ओर से बंग भवन के आसपास लगाई गई निगरानी पर सवाल उठाया।

चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद सीएम ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा-मैं बहुत दुखी हूं। मैं बहुत लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में शामिल हूं। 4 बार मंत्री और 7 बार सांसद रही हूं। मैंने ऐसा अहंकारी और झूठा चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखा। मैंने उनसे कहा कि मैं आपकी कुर्सी की इज्जत करती हूं क्योंकि कोई भी कुर्सी किसी के लिए स्थायी नहीं होती। एक दिन आपको जाना ही होगा।

सीएम ममता बनर्जी ने आगे कहा कि बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। चुनाव लोकतंत्र में एक त्योहार होते हैं, लेकिन आपने 98 लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें अपना बचाव करने का मौका नहीं दिया। आखिर पश्चिम बंगाल को क्यों टारगेट किया जा रहा है। अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष है तो असम में एसआईआर क्यों नहीं कराया गया। ममता बनर्जी का आरोप है कि चुनाव आयोग चीफ के पास उनके किसी भी सवाल का जवाब नहीं था।

चुनाव आयोग ने ममता के आरोपों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सीईसी और दोनों चुनाव आयुक्तों का शालीन और मर्यादित रवैया होने के बावजूद ममता ने झूठे आरोप लगाए, दुर्व्यवहार किया है। साथ ही मेज पर मारा और बैठक छोड़कर चली गईं। ईसीआई की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रतिनिधिमंडल के साथ चुनाव आयोग पहुंचीं थीं।

उन्होंने बंगाल में चल रहे एसआईआर से संबंधित कुछ मुद्दे उठाए। इस दौरान सीईसी ज्ञानेश कुमार ने उनके हर सवालों का बड़ी विनम्रता के साथ जवाब दिया। उन्होंने समझाया कि उनके राज्य में कानून का राज चलेगा। जो भी कानून हाथ में लेगा, आयोग उससे सख्ती से निपटेगा। ईसीआई ने आगे कहा कि टीएमसी विधायक खुलेआम आयोग और खासकर सीईसी के खिलाफ अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

साथ ही चुनाव अधिकारियों को भी धमकी दे रहे हैं। इसके अलावा इनके लोग ईआरओ (एसडीओ/बीडीओ कार्यालयों में तोड़फोड़ की घटनाएं कर रहे हैं। एसआईआर के काम में लगे अधिकारियों पर किसी भी तरह का कोई दबाव, रुकावट या हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News