छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर बस के हुए ब्रेक फेल, पेड़ से टकराकर खाई में गिरी

10 लोगों की मौत, 19 की हालत गंभीर, तीन गांवों में पसरा मातम

छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर बस के हुए ब्रेक फेल, पेड़ से टकराकर खाई में गिरी

निज संवाददाता : छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित ओरसा घाट में बस के अनियंत्रित होकर पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 78 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 19 की हालत बहुत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बलरामपुर के करीब 87 ग्रामीण एक स्कूल बस में सवार होकर झारखंड के लोध गांव में सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब बस ओरसा बंगलादारा घाटी की ढलान पर पहुंची, तो अचानक ब्रेक फेल हो गए। बेकाबू बस रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकरा गई और करीब 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। यह हादसा रविवार को हुआ था। पीपरसोत निवासी जय चंद नायक की बेटी की सगाई के लिए पूरा गांव उत्साहित था, लेकिन इस हादसे ने गांव के कई घरों के चिराग बुझा दिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सभी मृतकों के शव सोमवार देर शाम बलरामपुर पहुंचे। मंगलवार को तीनों गांवों में मातम छा गया। इन सभी शवों का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए निम्नलिखित सहायता की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News