महिला का किया शारीरिक शोषण फिर दी जान से मारने की धमकी...
यूपी पुलिस के दारोगा अर्जुन सिंह पर लगे गंभीर आरोप!
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें मानधाता थाना में तैनात एक दरोगा अर्जुन सिंह पर महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, धमकी और उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को निलंबित कर दिया है और जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता का आरोप है कि उसकी मुलाकात एक केस की पैरवी के दौरान दरोगा अर्जुन सिंह से हुई थी. इसी दौरान आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा किया. महिला का कहना है कि करीब एक साल तक आरोपी ने अलग-अलग जगहों पर उसे बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान लगातार शादी का भरोसा देता रहा.
महिला के अनुसार जब उसने 17 जून 2026 को शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने गाली-गलौज की और शादी से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. बाद में यह भी सामने आया कि आरोपी दरोगा पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, जिसे उसने पीड़िता से छिपाकर रखा था.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसमें आरोपी के परिवार और कुछ पुलिसकर्मियों के शामिल होने की बात कही गई है. उसका कहना है कि वाराणसी कैंट क्षेत्र में उसे और आरोपी को बुलाकर केस वापस लेने का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई.
पीड़िता ने मीडिया के सामने कहा कि वह लगातार न्याय के लिए भटक रही है. उसके अनुसार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद शुरुआती कार्रवाई में देरी हुई और बाद में एफआईआर दर्ज की गई. उसने आरोप लगाया कि उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और वह केवल इंसाफ चाहती है.
पुलिस की कार्रवाई और निलंबन
मामले के सामने आने के बाद प्रतापगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह को निलंबित कर दिया है. साथ ही उसके खिलाफ महिला थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
