बंगाल के चार लोगों का 13 महीने लंबी मुश्किलों का हुआ अंत 

बांग्लादेश से लौटे भारत

बंगाल के चार लोगों का 13 महीने लंबी मुश्किलों का हुआ अंत 


निज संवाददाता :  बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले दानिश शेख और उनके गांव के तीन अन्य लोग बुधवार को मालदा जिले के महादीपुर सीमा चौकी के रास्ते भारत लौट आए। इसके साथ ही उनकी 13 महीने लंबी मुश्किलों का अंत हुआ। यह पूरा मामला तब शुरू हुआ था, जब जून 2025 में दिल्ली पुलिस ने उन्हें कथित तौर पर अवैध बांग्लादेशी प्रवासी मानते हुए बिना किसी ट्रिब्यूनल की सुनवाई के देश से बाहर भेज दिया था। दानिश के घर पाइकर गांव में उनका सात महीने का बेटा उनका इंतजार कर रहा था। बेटे के जन्म के बाद पहली बार उन्होंने उसे अपनी गोद में लिया।
दानिक की पत्नी सुनाली खातूनउस समय गर्भवती थीं। पिछले साल दिसंबर में वो अपने बड़े बेटे के साथ भारत लौट आई थीं। उनकी वापसी सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप और केंद्र सरकार को तय समय के भीतर उन्हें वापस लाने के निर्देश के बाद संभव हो सकी थी। पति के स्वागत के लिए सुनाली ने घर पर चावल, साग और मछली के अंडों के पकौड़े तैयार किए थे। दानिश के साथ गांव की रहने वाली स्वीटी बीबी और उनके दो बेटे 16 वर्षीय कुर्बान और 6 वर्षीय इमाम भी भारत लौटे।
दानिश और उनके साथ गए सभी लोग रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली पहुंचे थे, जहां वे कबाड़ बीनने का काम करते थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें बांग्लादेश ी नागरिक बताते हुए उनके भारतीय पहचान पत्रों को स्वीकार नहीं किया और उन्हें सीमा पार भेज दिया। बांग्लादेश पहुंचने के बाद वहां के अधिकारियों ने उन्हें अवैध रूप से देश में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सभी को करीब 100 दिन जेल में रहना पड़ा। बाद में स्थानीय अदालत ने उन्हें बरी कर दिया। लेकिन भारत वापसी की प्रक्रिया में देरी के कारण वे कई महीनों तक वहीं फंसे रहे। इसी दौरान सुनाली ने 5 जनवरी को अपने तीसरे बच्चे अपन को जन्म दिया।
भारत लौटने के बाद दानिश ने भावुक होकर कहा कि इतने महीनों तक उन्हें डर था कि शायद पूरी जिंदगी बांग्लादेश में ही बितानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बेटे को पहली बार गोद में लेना उनके जीवन का सबसे खुशी का पल है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह कभी दिल्ली काम करने नहीं जाएंगे। वहीं, स्वीटी बीबी ने कहा कि वह अब पश्चिम बंगाल में ही जो भी काम मिलेगा उसी से अपना और परिवार का गुजारा करेंगी।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News