सम्मेलन प्रतिनिधिमंडल ने श्री विश्वनाथ अग्रवाल से की भेंट,

न्यायोचित कार्रवाई एवं व्यापारियों की सुरक्षा की उठाई मांग

सम्मेलन प्रतिनिधिमंडल ने श्री विश्वनाथ अग्रवाल से की भेंट,

कोलकाता, 9 जुलाई 2026। अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवन कुमार गोयनका के नेतृत्व में सम्मेलन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पोस्ता (बड़ा बाजार), कोलकाता में हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संदर्भ में प्रतिष्ठित व्यापारी एवं व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी श्री विश्वनाथ अग्रवाल से उनके कार्यालय पर भेंट कर उनके प्रति अपनी संवेदना एवं एकजुटता व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय महामंत्री श्री केदारनाथ गुप्ता, राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री श्री पवन बंसल तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री अनिल मलावत भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने श्री अग्रवाल को सम्मेलन की ओर से एक ज्ञापन सौंपते हुए इस घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवन कुमार गोयनका ने कहा कि किसी भी व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता अथवा व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी के साथ इस प्रकार की हिंसक एवं आपराधिक घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे व्यापारिक समाज की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास पर आघात है। उन्होंने कहा कि कानून का शासन सर्वोपरि है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध बिना किसी पक्षपात के कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

राष्ट्रीय महामंत्री श्री केदारनाथ गुप्ता ने कहा कि सम्मेलन को जानकारी मिली है कि जांच एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसका सम्मेलन स्वागत करता है। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाई जाए तथा यदि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति, समूह अथवा किसी प्रकार की साजिश की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी विधि सम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य प्रशासन एवं जांच एजेंसियों से व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। सम्मेलन ने स्पष्ट किया कि न्याय की मूल भावना यही है कि दोषियों को कठोर दंड मिले तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित न किया जाए।

इस अवसर पर सम्मेलन के पदाधिकारियों ने श्री विश्वनाथ अग्रवाल को विश्वास दिलाया कि अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन इस कठिन समय में उनके साथ पूर्ण नैतिक एवं सामाजिक एकजुटता के साथ खड़ा है तथा सत्य, न्याय और विधि के शासन में अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त करता है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News