21 जून को होगी नीट यूजी की दोबारा परीक्षा

केंद्र सरकार ने टेलीग्राम पर लगाई अस्थाई रोक 

21 जून को होगी नीट यूजी की दोबारा परीक्षा

निज संवाददाता : नीट यूजी री-एग्जाम (दोबारा परीक्षा) को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। टेलीग्राम पर सरकार ने 22 जून तक अस्थायी रोक लगाई है। यह फैसला परीक्षा को सुरक्षित तरीके से कराने और नकल गिरोह को रोकने के लिए उठाया गया है। मालूम हो कि 21 जून को नीट यूजी की दोबारा परीक्षा होगी। इसके साथ ही 30 जून तक टेलीग्राम पर मैसेज एडिट करने का फीचर बंद रहेगा। वहीं, एनटीए ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
केंद्र सरकार ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। मई में हुई परीक्षा को कुछ सवाल लीक होने के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। दोबारा परीक्षा की तैयारियों के बीच कैबिनेट सेक्रेटरी टी.वी. सोमनाथन ने हाल ही में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और चेतावनी दी कि जो कोई भी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता को बिगाड़ने, उसमें बाधा डालने या उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा को लेकर केंद्र ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिसमें इंडियन एयर फोर्स के जरिए प्रश्न पत्रों को ले जाना और दोबारा परीक्षा सुरक्षित रूप से आयोजित करने में स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती शामिल है। एनटीए ने उम्मीदवारों के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय देने और उत्तर पुस्तिकाओं में रफ काम के लिए ज्यादा जगह देने की भी घोषणा की है। केंद्र सरकार का कहना है कि राज्य सरकारों और जिला प्रशासनों के आपसी सहयोग का मकसद दोबारा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना है।
नीट (यूजी) 2026 की 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्रों को राहत देते हुए कई बदलावों की ऐलान किया है। सबसे अहम बदलाव परीक्षा अवधि को लेकर किया गया है। इस बार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। कुल 195 मिनट की इस अवधि में परीक्षा शुरू होने और खत्म होने से जुड़ी औपचारिकताएं भी शामिल हैं।
छात्रों के मुताबिक इन औपचारिकताओं में परीक्षा का वास्तविक समय प्रभावित होता है। नई व्यवस्था के तहत एनटीए ने यह कोशिश की है कि छात्रों को परीक्षा में पर्याप्त समय मिल सके। वहीं, रफ वर्क के लिए भी इस बार नई सुविधा दी गई है। प्रश्न पुस्तिका में रफ कार्य के लिए पेज की संख्या दोगुनी कर दी गई है। पहले छात्रों को केवल 2 पेज मिलते थे, जबकि अब 4 पृष्ठ उपलब्ध होंगे। इससे छात्रों को अधिक सुविधा मिलेगी।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News