महमदपुर, सुजानपुर गांव के लोगो ने शनिवार को हंगामा कर जमकर प्रदर्शन किया।
नाली की निकासी पूरी तरह रुक जाने से घरों के आंगन और कमरों तक पानी पहुंच रहा है।
मोदीनगर : मोदीनगर के भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित महमदपुर, सुजानपुर गांव के लोगो ने शनिवार दोपहर तीन बजे हंगामा कर जमकर प्रदर्शन किया। आरोप है नालियां बंद होने से गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दबंगों ने नालियों का रास्ता रोक दिया है, जिसके कारण बारिश और घरों का गंदा पानी लोगों के घरों, खेतों और गलियों में भर रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नाली की निकासी पूरी तरह रुक जाने से घरों के आंगन और कमरों तक पानी पहुंच रहा है। इससे कई परिवारों को रोजमर्रा के जीवन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण गांव में बदबू फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की है। हालांकि, अब तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल नाली की निकासी बहाल करने, कथित दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गांव में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
फिलहाल, गांव के लोग प्रशासन से जल्द से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की उम्मीद कर रहे हैं।
