भाजपा को बंगाल में फायदा उठाने नहीं दिया जाना चाहिए

:डी राजा

भाजपा को बंगाल में फायदा उठाने नहीं दिया जाना चाहिए

 

निज संवाददाता : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच, सीपीआई नेता डी राजा ने गुरुवार को डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत और भाजपा की हार का विश्वास जताया। अपना वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए राजा ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मैं चेन्नई शहर का मतदाता हूं। मैं आया और अपना वोट डाला। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह हमारे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण अधिकार है... मेरा मानना है कि डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन चुनाव जीतेगा और डीएमके सरकार बनाएगी।

इस मौके पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के संदर्भ में, उन्होंने भाजपा की कड़ी आलोचना की और जोर देकर कहा कि भाजपा को हराने के लिए बंगाल को कड़ी लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा क्योंकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं। मेरी राय में, और मेरी पार्टी की भी यही राय है, भाजपा को बंगाल में फायदा उठाने नहीं दिया जाना चाहिए। भाजपा को हराना होगा। जिस तरह तमिलनाडु भाजपा की विनाशकारी विचारधारा के खिलाफ लड़ रहा है, उसी तरह बंगाल की जनता को भी भाजपा से लड़ना होगा और उसे हराना होगा।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मतदान के शुरुआती दो घंटों में 18.76 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और सुबह नौ बजे तक 3.60 करोड़ मतदाताओं में से 18.76 फीसदी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, शुरुआती दो घंटों में बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 22.05 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद मुर्शिदाबाद के समसेरगंज में 21.85 फीसदी और पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोणा में 21.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

इसके बाद मालदा के चांचल में 15.64 फीसदी और हरिश्चंद्रपुर में 15.98 फीसदी मतदान हुआ। कुछ स्थानों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने कहा कि इन्हें ठीक करने का काम जारी है। कांग्रेस के सूरी से उम्मीदवार संजय अधिकारी ने आरोप लगाया कि सुबह सात बजे मतदान केंद्र पहुंचने के बावजूद ईवीएम में खराबी के कारण वह वोट नहीं डाल सके। उन्होंने करीब एक घंटे तक मतदान रुके रहने के बाद कहा कि हमने जिला मजिस्ट्रेट और स्थानीय मतदान अधिकारी से शिकायत कर दी है, लेकिन अब तक मशीन ठीक नहीं हुई है। बूथ के बाहर सैकड़ों मतदाता कतार में खड़े हैं और यहां निर्वाचन आयोग का कोई प्रतिनिधि नहीं है, जो बता सके कि मतदान फिर कब शुरू होगा।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News