वायरल गर्ल मोनालिसा को मिल रहीं हैं मारने-काटने की धमकियां
पति फरमान के साथ मदद की लगाई गुहार
निज संवाददाता : महाकुंभ वायरल गर्ल के नाम से फेमस मोनालिसा भोसले ने हाल ही में केरल में मुस्लिम युवक फरमान खान से शादी कर ली थी। उनकी अचानक शादी ने हर किसी को हैरान किया। वहीं कई लोगों ने इसे लव जिहाद कहा। इन सबके बीच वायरल गर्ल मोनालिसा ने अब पति फरमान खान संग शादी के बाद लोगों से मिल रही धमकी को लेकर मदद की गुहार लगाई है।
मालूम हो कि मोनालिसा और फरमान खान अपनी अलग-अलग धर्मों की शादी की वजह से विवादों के घेरे में आ गए हैं। कुछ समूह इसे "लव जिहाद" बता रहे हैं। वहीं मोनालिसा ने एक वीडियो शेयर किया है और मीडिया, मुख्यमंत्री और कमिश्नर से इस मामले में दखल देने की अपील की है। वीडियो में, मोनालिसा और फरमान दोनों ने मदद की अपील करते हुए कहा-मैं यह वीडियो एक पत्र के साथ सभी को मेल कर रही हूं तो प्लीज हमारी मदद करो। स्थिति की गंभीरता को बताते हुए, उन्होंने कहा-हमें खुलेआम मारने की काटने की धमकी दी जा रही है। कपल ने कहा है कि उन्होंने धमकियों के बीच सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पहले ही अधिकारियों से संपर्क किया है।
शादी के बाद, इस जोड़े ने केरल सरकार से मिले सहयोग के लिए आभार जताया था। मोनालिसा ने कहा-केरल सरकार ने हमारा बहुत साथ दिया। हम तहे दिल से उनका शुक्रिया अदा करते हैं, और हम सभी धर्मों में विश्वास रखते हैं, मेरे लिए, सभी धर्म एक समान हैं। फरमान ने भी अपनी शादी के भव्य आयोजन के बारे में बात करते हुए कहा-हमें उम्मीद नहीं थी कि हमारी शादी इतनी बड़ी होगी। हमने सोचा था कि शादी में सिर्फ़ 2-4 लोग ही शामिल होंगे, लेकिन वहां बहुत सारे लोग आए। मंत्री जी ने हमें आशीर्वाद दिया। शिक्षा मंत्री भी यहां आए थे।
बता दें कि मोनालिसा और फरमान की शादी 11 मार्च, 2026 को अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुई थी, जिसने लोगों का काफ़ी ध्यान खींचा। मोनालिसा को इससे पहले 2025 के महाकुंभ मेले के दौरान देश भर में तब पहचान मिली थी, जब रुद्राक्ष की मालाएं बेचते हुए उनके वीडियो वायरल हो गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस जोड़े की मुलाक़ात एक फिल्म प्रोजेक्ट पर काम करने के दौरान हुई थी और समय के साथ उनके बीच नज़दीकियां बढ़ीं।
धार्मिक मतभेदों के कारण मोनालिसा के परिवार की आपत्तियों का सामना करने के बावजूद, उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए केरल पुलिस से संपर्क किया और अपना जीवनसाथी चुनने के अपने अधिकार पर ज़ोर दिया। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि बालिग होने के नाते, उन्हें अपना फ़ैसला खुद लेने का कानूनी अधिकार प्राप्त है।
