गर्भवती बहू को 8 लाख में बेचने का आरोप

एक बच्चे की माँ भी है बहु,

गर्भवती बहू को 8 लाख में बेचने का आरोप

 मध्य प्रदेश : गुना जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता को उसके मायके पक्ष द्वारा कथित रूप से 8 लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया गया है। मंगलवार को बंदरगढ़ गांव के ग्रामीण और पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर महिला को सकुशल बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पति जीतेंद्र उर्फ जीतू बंजारा निवासी बंदरगढ़ ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी घूंघरी पहाड़ी निवासी गंगाराम बंजारा की बेटी बतूल बाई से हुई थी। यह विवाह अदला-बदली (अट्टे-सुट्टे) की परंपरा के तहत हुआ था। दंपति का 3 वर्षीय पुत्र है, जबकि महिला वर्तमान में करीब 5 माह की गर्भवती भी है। आवेदन के अनुसार करीब 3 माह पहले महिला के पिता गंगाराम गेहूं कटाई का हवाला देकर अपनी बेटी को मायके ले गए थे। इसके बाद जब पति उसे वापस लेने पहुंचा तो ससुराल पक्ष ने पहले उसकी नाबालिग बहन को अपने घर भेजने की शर्त रख दी। पति ने बहन की कम उम्र का हवाला देकर मना किया तो कथित रूप से पत्नी को वापस भेजने से इनकार कर दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि उसकी गर्भवती पत्नी को विदिशा जिले के शमशाबाद क्षेत्र में किसी अन्य व्यक्ति को 8 लाख रुपये में बेच दिया गया है। इस संबंध में उसने पहले राघौगढ़ थाने में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह परिवार और समाज के लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा।
जनसुनवाई में महिला की सास एवं अन्य परिजनों ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बहू को मायके वाले गेहूं कटाई के बहाने ले गए थे और तब से वापस नहीं लौटाया। उनका कहना है कि परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। समाज की पंचायत भी बुलाई गई, जिसमें काफी खर्च हुआ, फिर भी समाधान नहीं निकल सका।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि महिला को तत्काल खोजकर उसके पति और परिवार के पास सुरक्षित पहुंचाया जाए तथा यदि महिला की खरीद-फरोख्त की पुष्टि होती है तो पूरे मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है।
इनका कहना है

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News