रविवार 27 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक
तीन दिन की बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों की चिंताओं को दूर करने के लिए केंद्र ने उठाया कदम
निज संवाददाता : बैंक यूनियनों की ओर से तीन दिन की बैंक हड़ताल के मद्देनजर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाते हुए रविवार 27 सितंबर को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुला रखने का निर्देश दिया है।
बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की तरफ से 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई गई है। इसे देखते हुए सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 27 सितंबर 2026 (रविवार) को सभी पब्लिक सेक्टर बैंकों (पीएसबी) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) को आम दिनों की तरह सामान्य रूप से खुले रखने का बड़ा फैसला लिया है।
मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के सामने हुई यह सुलह बैठक को कोई ठोस नतीजा नहीं निकला और यूनाइटेड फ़ोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने हड़ताल पर आगे बढ़ने का फैसला किया। इसके चलते सरकार को रविवार को बैंक खोलने का यह आपातकालीन कदम उठाना पड़ा।
वित्त मंत्रालय ने 23 सितंबर को एक बयान में कहा कि यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की प्रस्तावित हड़ताल 26 और 27 सितंबर की सप्ताहांत की छुट्टियों के बाद हो रही है। ऐसे में अगर रविवार को बैंक नहीं खुले, तो इससे ग्राहकों को लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के चलते बैंक बंद रहेंगे और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी रहेगी। यानी कि तीन दिवसीय हड़ताल से पहले बैंक दो और दिन बंद रहेंगे यानी कि कुल मिलाकर 5 दिन बैंक का कामकाज ठप रहेगा।
मंत्रालय ने कहा-यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम लोगों की बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार, 27 सितंबर, 2026 को सामान्य रूप से काम करेंगे। इस फैसले का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सोमवार से शुरू होने वाली प्रस्तावित हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सेवाएं मिल सकें. मंत्रालय ने कहा कि सरकार और बैंक मैनेजमेंट ने भी यूनियनों से हड़ताल टालने की अपील की है।
रविवार को बैंक खुले रखने के वित्त मंत्रालय के फैसले को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने भी मंजूरी दी है। आरबीआई की मंज़ूरी में सिर्फ रेगुलर बैंक ब्रांच ही नहीं, बल्कि ऑफिस, एटीएम-लिंक ब्रांच और करेंसी चेस्ट भी शामिल हैं, जो सामान्य दिनों की तरह चालू रहेंगे। मंत्रालय का कहना है-बैंक ग्राहकों का कल्याण और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रस्तावित हड़ताल 28 सितंबर से 30 सितंबर तक यानी तीन दिनों के लिए होनी है। पब्लिक सेक्टर के बैंकों और रीजनल रूरल बैंकों के लिए रविवार को वर्किंग डे घोषित किए जाने से ग्राहकों को हड़ताल से पहले ब्रांच-बेस्ड बैंकिंग ट्रांजैक्शन करने का मौका मिलेगा।
