उमर अब्दुल्ला ने अमित शाह से की मुलाकात
राज्य को दर्जा देने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर की बात
निज संवाददाता : जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, खासकर जम्मू कश्मीर के लिए राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने और शासन व्यवस्था से जुड़े नियमों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की।
अब्दुल्ला द्वारा 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन करने के बाद यह दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाकात थी।
यह मांग पांच अगस्त, 2019 से एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनी हुई है, जब केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त कर तत्कालीन राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों-जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया था।
केंद्र का कहना है कि उचित समय पर राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा, जबकि जम्मू-कश्मीर की निर्वाचित सरकार ने मौजूदा व्यवस्था के तहत प्रशासनिक बाधाओं को बार-बार उठाया है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जनकल्याण, प्रशासनिक दक्षता और दीर्घकालिक विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच बातचीत में जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए शासन व्यवस्था से जुड़े नियमों को अंतिम रूप देने पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
सीएमओ ने कहा-मुख्यमंत्री ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में राज्य का दर्जा बहाल करने, शासन व्यवस्था से जुड़े नियमों को अंतिम रूप देने, आरक्षण व्यवस्था के युक्तिकरण और जनकल्याण एवं विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
