'मिर्जापुर: द मूवी' को थिएटर्स में लाने के पीछे की वजह का मेकर्स ने किया खुलासा
निज संवाददाता : 'मिर्जापुर: द मूवी' भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में से एक बनने जा रही है, क्योंकि थिएटर्स में इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं, अनाउंसमेंट के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों में एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही थी। फिल्म के धमाकेदार टीजर और ट्रेलर ने पहले ही फैंस के बीच एक्साइटमेंट को एक अलग लेवल पर पहुंचा दिया था और अब इसने साबित कर दिया कि हाइप गलत नहीं थी। बता दें, दर्शकों की पसंदीदा फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाना प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी के लिए आसान काम नहीं था। वह यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि थिएट्रिकल अडैप्टेशन 'मिर्जापुर' की असली फील और एसेंस के साथ बना रहे, साथ ही यह पूरे देश के दर्शकों के लिए बड़े पर्दे पर एक शानदार एक्सपीरियंस भी बने और अब ऐसा होता दिख रहा है।
प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी से जब पूछा गया-आप मिर्जापुर के तीन सीजन्स को तीन घंटे में समेट रहे हैं। मिर्जापुर: द मूवी थिएटर में ऐसा क्या कर सकती है, जो एक सीरीज के तौर पर नहीं कर सकती थी? इस पर उन्होंने कहा-हमने एक ऐसी कहानी को, जो सीरीज के तौर पर बनाई गई थी, उसे फीचर फिल्म में बदला है। हमने कई बार इसका उल्टा होते देखा है, जहां फिल्मों को सीरीज में बदला जाता है। तो एक तरह से हम फिर से फॉर्मेट को तोड़ रहे हैं और कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। मिर्जापुर की बहुत लॉयल फैन फॉलोइंग है और हम उन फैंस को थिएटर में कुछ नया एक्सपीरियंस देने जा रहे हैं। हम असल में उनसे कह रहे हैं। आप इन किरदारों को पहले से पसंद करते हैं।
उन्होंने आगे कहा-आइडिया यह था कि सीजन 1 के एक अनटोल्ड चैप्टर को, यानी दो या तीन एपिसोड के बीच की कहानी को बड़े पर्दे पर लाया जाए। हम मुन्ना भैया और कुछ ऐसे पसंदीदा किरदारों को भी वापस लाना चाहते थे, जो सीजन 3 तक कहानी में नहीं रहे थे। पहली चुनौती थी ऐसी कहानी बताना, जिससे बाद के सीजन की कहानी पर कोई असर न पड़े। दूसरी चुनौती यह सुनिश्चित करना था कि फिल्म सीरीज के तीन एपिसोड को जोड़कर बनाई गई फिल्म जैसी न लगे। इसे एक पूरी फिल्म की तरह काम करना था, जिसकी अपनी शुरुआत, बीच और अंत हो। इसका अपना मिडपॉइंट, इमोशनल जर्नी और पेऑफ होना जरूरी था, ताकि दर्शक इसे एक पूरी कहानी की तरह एंजॉय कर सकें और साथ ही सीजन 4, जो आगे आएगा, उस पर भी कोई असर न पड़े। हालांकि, अगर किसी ने सीरीज का कोई भी सीजन नहीं देखा है, तो वह भी इस फिल्म को एंजॉय कर सकेगा'।
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की पेशकश 'मिर्जापुर: द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। पुनीत कृष्णा इसके लेखक हैं और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म के को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं।
