कृति सेनन राखी विवाद में नया मोड़ 

ज्वेलरी कंपनी ने विज्ञापन वापस लेने का फैसला किया

कृति सेनन राखी विवाद में नया मोड़ 


निज संवाददाता : कृति सेनन रक्षाबंधन के एक विज्ञापन को लेकर विवादों में घिर गई थीं। ज्वेलरी के एक विज्ञापन में उनके पहनावे को लेकर उनकी आलोचना हुई, जिसके बाद उस विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया।
विज्ञापन में कृति स्कर्ट और ब्रैलेट-स्टाइल टॉप पहने हुए नज़र आई थीं। कुछ लोगों का कहना था कि रक्षाबंधन के त्योहार के लिए यह पहनावा बिल्कुल भी सही नहीं था। इस मुद्दे पर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर बहस चल रही थी। बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कृति के पहनावे पर तंज कसा, जिसका जवाब एक्ट्रेस ने दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एक्ट्रेस के समर्थन में पोस्ट किया, हालांकि उन्हें भी कंगना की आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके कुछ ही समय बाद विज्ञापन हटा लिया गया।
ज्वेलरी ब्रांड ने कृति वाले रक्षाबंधन विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया। आलोचकों का आरोप था कि यह पहनावा भारतीय संस्कृति के खिलाफ था। पहनावे के अलावा, एक सीन पर भी आपत्ति जताई गई जिसमें एक पालतू कुत्ते को प्यार से राखी बांधी गई थी।
एक बयान में ब्रांड ने कहा-हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के तौर पर, हम परिवार के साथ ऐसे खुशी के पल बांटने में विश्वास रखते हैं। इस बार, हम पालतू जानवरों के साथ साझा किए जाने वाले प्यार का भी जश्न मनाना चाहते थे।
इसके बाद,  उन्होंने विज्ञापन हटाने की घोषणा की। बयान में कहा गया-अगर हमारे विज्ञापन से समाज के किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं था। सम्मान के तौर पर, हम सभी प्लेटफॉर्म से विज्ञापन हटा रहे हैं। हम इस त्योहार के मौसम में सभी तक प्यार और सकारात्मक संदेश पहुंचाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि इसी विज्ञापन के सिलसिले में कंगना ने कृति के पहनावे की तुलना बिकिनी से की थी। आलोचना का जवाब देते हुए कृति ने सोशल मीडिया पर लिखा-समय के साथ फैशन में बदलाव आया है। फिर भी, संस्कृति के प्रति किसी महिला के सम्मान को आज भी सिर्फ़ उसके पहनावे से आंका जाता है! संस्कृति और परंपरा दिल में बसती है, न कि कपड़ों की नेकलाइन में। कृति की पोस्ट शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा-महिलाएं क्या पहनती हैं, क्या करती हैं और कहां जाती हैं, यह पूरी तरह से उनकी अपनी पसंद है। अपनी शर्तों पर ज़िंदगी जीने के लिए उन्हें ट्रोल करना बंद करें।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News