तृणमूल के बागियों से नाश्ते पर मिले पीएम मोदी
निज संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में ममता गुट के बागी सांसदों जो अब नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हो चुके हैं, उन सभी के साथ ब्रेकफास्ट किया। पीएम मोदी की उनके साथ कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद बागी टीएमसी सांसद और अब एनसीपीआई नेता शताब्दी रॉय ने मीडिया को जानकारी दी।
शताब्दी रॉय ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि आज प्रधानमंत्री संग एनसीपीआई नेताओं की मुलाकात हुई। ममता की बागी सांसद ने कहा कि उन्होंने (पीएम मोदी) बताया कि हम लोगों को आगे क्या करना है, कैसे आगे बढ़ना है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रहित के लिए कैसे मिल जुलकर काम करना है। इसी तरह की सब बातें हुईं।
जब उनसे पूछा गया कि आप लोगों के साथ के सभी बागी सांसद वहां मौजूद थे तो उन्होंने कहा कि हां सभी लोग वहां थे। इसके बाद उन्होंने बांग्ला में बोलते हुए कहा कि हम लोगों ने आज पीएम के साथ नाश्ता किया। हमने चाय साथ पी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे।
इससे पहले मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक मंगल मिलन बैठक संसद भवन में आयोजित हुई थी। इस बैठक में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्याम जयशंकर और अन्य कई नेता शामिल हुए थे। इससे पहले एनडीए गठबंधन की बैठक 28 जुलाई को हुई थी।
शताब्दी रॉय बांग्ला सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री रह चुकी हैं। वर्तमान में वे पश्चिम बंगाल की बीरभूम लोकसभा सीट से सांसद हैं। वे पहली बार 2009 में बीरभूम से सांसद चुनी गईं। इसके बाद वे 2014, 2019 और 2024 में लगातार इसी सीट से लोकसभा चुनाव जीतती आ रही हैं। उन्हें टीएमसी ने लोकसभा में उपनेता घोषित किया था। हालांकि अब वे भी बागी सांसदों के साथ एनसीपीआई में शामिल हो चुकी हैं।
