असम में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बेड लेकर पहुंचा एक आदमी
लोगों ने छू लिए पैर
निज संवाददाता : असम में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुंबई के समाजसेवी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हुसैन मंसूरी अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों को बेड पहुंचाते हुए दिख रहे हैं। राहत का सामान मिलने के बाद कई लोगों ने उन्हें गले लगाया, मुस्कुराते हुए धन्यवाद दिया और कुछ लोगों ने तो सम्मान में उनके पैर भी छुए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
मुंबई के समाजसेवी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हुसैन मंसूरी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत का सामान पहुंचाने पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम के साथ जरूरतमंद परिवारों को बेड मुहैया कराए। उन्होंने इस राहत अभियान का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया, जिसमें उनकी टीम की कड़ी मेहनत और लोगों का इमोशनल रिस्पॉन्स दिख रहा है।
वीडियो में हुसैन मंसूरी और उनकी टीम कीचड़ भरी सड़कों से बेड उठाकर लोगों के घरों और अस्थायी कैंपों तक पहुंचते हुए दिख रहे हैं। लगातार बारिश और फिसलन के बाद भी टीम राहत का सामान पहुंचाती रही। वीडियो में एक जगह हुसैन मंसूरी बिस्तर ले जाते समय कीचड़ में फिसलते हुए दिखते हैं, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और राहत का काम जारी रखा। इसके बाद टीम घरों और टेंट के अंदर बिस्तर रखती है, उन पर चटाई बिछाती है और फिर उन्हें प्रभावित परिवारों को सौंप देती है।
वीडियो में कई ऐसे इमोशनल पल भी देखने को मिलते हैं, जब राहत सामग्री पाकर लोग मुस्कुराते हैं। कुछ लोगों ने हुसैन मंसूरी को गले लगाया, तो कई लोगों ने सम्मान और शुक्रिया अदा करने के लिए उनके पैर भी छुए।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने हुसैन मंसूरी की तारीफ की। कई यूजर्स ने उन्हें असली हीरो बताया। किसी ने लिखा, हुसैन सर का सम्मान करें, तो किसी ने कहा, दुनिया को आप जैसे लोगों की जरूरत है। वहीं, कई लोगों ने उनकी इंसानियत और राहत के काम की खुलकर तारीफ की।
