शाहरुख खान के बंगला मन्नत में मिले दो सांप
निज संवाददाता : बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बंगला मन्नत में दो सांप मिले हैं, जिसके बाद रेस्क्यू टीम की मदद से एक सांप को पकड़ लिया गया है। यह घटना 17 अगस्त की है। रात में लगभग 8 बजे सांपों को मन्नत में देखा गया।
जैसे ही सांपों पर नजर पड़ी, तुरंत ही रेस्क्यू टीम को फोन किया गया और फिर उसके बाद सर्च ऑपरेशन किया गया। बंगले में बनी सीढ़ियों के नीचे से एक सांप को पकड़ा गया। हालांकि, दूसरा सांफ फरार है। फिलहाल दूसरे सांप के पकड़े जानी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि जिस एक सांप को पकड़ा गया, वो 8 फीट लंबा है। ऐसी जानकारी सामने आई है कि जो सांप पकड़ा गया, वो धामन सांप है। ये सांप बिना जहर वाला है। मन्नत में ये सांप नाग पंचमी के दिन मिले।
बता दें कि शाहरुख खान और उनकी फैमिली लंबे समय से मन्नत में नहीं रह रहे हैं। दरअसल, मन्नत में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। शाहरुख दो एक्स्ट्रा फ्लोर का निर्माण करवा रहे हैं। ऐसे में वे मुंबई के बांद्रा (पाली हिल) स्थित पूजा कासा की बिल्डिंग में रहते हैं। ये बिल्डिंग फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और उनकी फैमिली की है, जो शाहरुख खान ने किराए पर लिया है।
मालूम हो कि शाहरुख इस समय अपनी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ पर बिजी चल रहे हैं। यह फिल्म इसी साल 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। इसे डायरेक्ट किया है सिद्धार्थ आनंद ने। शाहरुख साल 2023 की फिल्म ‘डंकी’ के बाद किसी भी फिल्म में नहीं दिखे। ऐसे में उनके फैंस इस पिक्चर के लिए काफी उत्सुक हैं।
