खत्म हो आतंकवाद का इकोसिस्टिम

एससीओ समिट में प्रधानमंत्री मोदी ने किया आह्वान

खत्म हो आतंकवाद का इकोसिस्टिम


निज संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ  शिखर सम्मेलन के जरिए एक बार फिर आतंकवाद के लिए पड़ोसी देश पर हमला बोला। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर आतंकवाद पर लगाम कसने की बात करते हुए कहा कि हमें आतंकवाद के वित्त पोषण, भर्ती, कट्टरता और पनाहगाह के पूरे इको-सिस्टम को ही ध्वस्त करना होगा। शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) का 26वां शिखर सम्मेलन किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित किया गया।
बिश्केक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ  समिट के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। हालांकि फोटो सेशन के दौरान मंच पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ भी मौजूद थे, लेकिन पीएम मोदी की न तो उनसे नजरें मिली और न ही उन्होंने मुलाकात की।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री  मोदी ने अपने भाषण में कहा कि हमें आतंकवाद और उसे मिलने वाली फंडिंग के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करना होगा। हमें एक सुर में यह कहना होगा कि आतंकवाद से निपटने में दोहरे मापदंडों की कोई जगह नहीं हो सकती। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग आतंकवाद को रणनीतिक हथियार बना रहे हैं। आतंकवाद को हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए।
दुनिया में कई जगहों पर जारी जंग और संघर्ष को खत्म करने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युद्ध के मैदान में कोई समाधान नहीं निकलता। सभी युद्धों और विवादों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री  मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत उन सभी कोशिशों का समर्थन करता है जो बाजारों को आपस में जोड़ते हैं, आपसी व्यापार को आसान बनाते हैं और विकास के नए रास्ते खोलते भी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कनेक्टिविटी की कोशिशों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। एससीओ  को लेकर प्रधानमंत्री  मोदी ने कहा कि भारत के लिए एससीओ  महान सभ्यता, संस्कृति और विचारों का संगम है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News