यूपी चुनाव से पहले ताजा सर्वे,

अवध-बुंदेलखंड की 137 सीटों पर किसे मिलेगी बढ़त?

यूपी चुनाव से पहले ताजा सर्वे,

  उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं. सभी पार्टियों ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं. ग्राउंड पर भी माहौल गर्म हो चुका है. चाय की टपरी से लेकर बसों तक में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि सरकार किसकी बनने वाली है? इस बीच यूपी के दो क्षेत्रों अवध और बुंदेलखंड की सीटों को लेकर ताजा सर्वे सामने आया है. 

न्यूज लीडर और मैटराइज के सर्वे में अवध और बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों की विधानसभा सीटों को लेकर अनुमान जारी किया गया है. अब तक सामने आए 137 सीटों के आंकड़ों में भाजपा गठबंधन बढ़त में दिखाई दे रहा है. सर्वे में अवध और बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों का सीटवार अनुमान भी सामने आया है.

अवध क्षेत्र की 118 सीटों में भाजपा गठबंधन को 77 सीटें मिलने का अनुमान है. सपा गठबंधन 40 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है, जबकि एक सीट बसपा के खाते में जाने की संभावना जताई गई है. बुंदेलखंड की 19 सीटों के आंकड़ों में भी भाजपा गठबंधन आगे है.

बुंदेलखंड की कुल 19 विधानसभा सीटों में भाजपा गठबंधन को 17 सीटें मिलने का अनुमान है. सपा गठबंधन के खाते में दो सीटें जा सकती हैं. इस हिसाब से अगर आज चुनाव होते हैं तो अवध और बुंदेलखंड की कुल 137 सीटों के आंकड़ों में भाजपा गठबंधन 94 सीटों पर आगे रहेगी. सपा गठबंधन को 42 सीटें और बसपा को एक सीट मिलने की संभावना जताई गई है. 

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो रायबरेली की छह सीटों में भाजपा को एक सीट और सपा गठबंधन को पांच सीटें मिलने का अनुमान है. लखनऊ की सभी नौ सीटें भाजपा के खाते में जाने की संभावना जताई गई है. यहां सपा गठबंधन का खाता खुलता नहीं दिख रहा.

लखीमपुर खीरी की आठ सीटों में भाजपा गठबंधन को छह और सपा गठबंधन को दो सीटें मिल सकती हैं. सीतापुर की नौ सीटों में भाजपा गठबंधन छह और सपा गठबंधन तीन सीटें जीत सकता है.

 हरदोई की सभी आठ सीटों और उन्नाव की छह सीटों पर भाजपा गठबंधन को जीत मिलने का अनुमान है. चित्रकूट की दो सीटों में एक भाजपा गठबंधन और एक सपा गठबंधन के खाते में जा सकती है.

झांसी की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है. वहीं बहराइच की सात सीटों में भाजपा को पांच और सपा गठबंधन को दो सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News