फर्श के नीचे छिपा था नोटों का समंदर, घर के अंदर खुदाई में मिले नोटों से भरे ड्रम
रातों-रात कैसे अमीर बना 'महाकाल'? प्रयागराज में मकान की खुदाई ने खोल दिया राज
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने एक मकान की घेराबंदी कर खुदाई कराई, तो जमीन के नीचे से एक के बाद एक ड्रम निकले. जब इन्हें खोला गया, तो अंदर नोटों की गड्डियां भरी मिलीं. बरामद रकम की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया. देर रात तक करीब चार करोड़ रुपये की गिनती हो चुकी थी. कुल रकम 60 करोड़ रुपये से ज्यादा होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बुधवार रात पुलिस की टीम बरईपुर रामनगर पहुंची और एक संदिग्ध व्यक्ति के मकान को चारों तरफ से घेर लिया. शुरुआत में गांव के लोगों को कार्रवाई की वजह समझ नहीं आई. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. इसके बाद उसकी निशानदेही पर मकान के अंदर जमीन की खुदाई कराई गई. खुदाई के दौरान एक के बाद एक ड्रम निकलने लगे. जब ड्रम खोले गए, तो उनमें नोटों की गड्डियां भरी मिलीं. जमीन के नीचे इतनी बड़ी रकम मिलने से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए.
मकान से बरामद नोटों की गिनती देर रात तक जारी रही. इस दौरान करीब चार करोड़ रुपये की गिनती पूरी हो चुकी थी. सूत्रों के हवाले से कुल रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक कुल बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. सभी नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही वास्तविक राशि का पता चल सकेगा. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे जमीन के अंदर छिपाकर क्यों रखा गया था.
सूत्रों के मुताबिक, बरईपुर रामनगर का रहने वाला व्यक्ति कुछ साल पहले पुणे की एक फर्म में काम करता था. बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह कथित तौर पर वहां से बोरियों में रखे रुपये लेकर फरार हो गया था. इसके बाद गांव लौटकर उसने कई बीघा जमीन खरीदी और रुपये ड्रमों में भरकर मकान के अंदर जमीन में दबा दिए. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सामने आ सके.
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी की अपने पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इसी दौरान जमीन के अंदर रुपये छिपाकर रखने की जानकारी पुलिस तक पहुंचने की बात सामने आई है. इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मकान में कार्रवाई की और खुदाई कराई. जैसे ही जमीन के नीचे से नोटों से भरे ड्रम मिलने की खबर गांव में फैली, मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. हर कोई यह जानने को उत्सुक था कि ड्रमों में कितनी रकम छिपाकर रखी गई थी.
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के मुताबिक, बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये मिले हैं. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल बरामद रकम स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई रकम कहां से आई और इसे इतने लंबे समय तक छिपाकर रखने की वजह क्या थी. मामले की जांच जारी है.
