मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई

देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार का फैसला

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई

निज संवाददाता : मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। चुनाव आयोग की ओर से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर  को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने उनकी मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ाने का फैसला किया है। ज्ञानेश कुमार के दिल्ली स्थित आवास, चुनाव आयोग मुख्यालय और उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा का यह विस्तार हालिया सुरक्षा आकलन के बाद किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त को पहले से ही उच्च स्तर की सुरक्षा प्राप्त है। अब हालात के नए आकलन के बाद उनके सुरक्षा घेरे में अतिरिक्त जवान शामिल किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। परिसर के भीतर सीआईएसएफ  की तैनाती बढ़ाई गई है, जबकि चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर रैफ, सीआरपीएफ  और दिल्ली पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं।
मालूम हो कि सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहे हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा में उनके पैतृक आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया गया था। 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा के विजय नगर स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान घर के गेट और दीवार पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आगरा स्थित आवास की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।
दरअसल, एसआईआर  और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस और इंडिया  ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में भी प्रदर्शन किया है। 7 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके बाद कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। ऐसे में लगातार हो रहे प्रदर्शनों और सीईसी  के आवास तक विरोध पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था का नया आकलन किया है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News