ज्ञानेश कुमार को मिले पद्म भूषण
मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में आए शमिक भट्टाचार्य
निज संवाददाता : मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक ओर जहां कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष देशभर में प्रदर्शन कर रहा है और लगातार उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है तो वहीं बीजेपी पूरी तरह से उनके बचाव में लगी है। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को उनकी सेवा और योगदान के लिए पद्म भूषण से नवाजा जाना चाहिए। उन्होंने बंगाल में बिना खून-खराबे के ही चुनाव संपन्न कराया है।
भट्टाचार्य ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा-असल बात तो यह है कि कांग्रेस पार्टी खुद ही राहुल गांधी की बातों पर ध्यान नहीं देती। पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं लेती।
विपक्ष के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार हो रहे हमलों का बचाव करते हुए भट्टाचार्य ने आगे कहा-ज्ञानेश कुमार कम से कम पद्म भूषण सम्मान के हकदार हैं। पश्चिम बंगाल के लोग इस बात से खुश हैं कि इतने लंबे समय बाद डराने-धमकाने की कोशिशों को दूर रखा गया। चुनाव में हत्या की कोई घटना नहीं हुई और लोगों को असल में वोट डालने का मौका मिला। साथ ही, सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद, ज्ञानेश कुमार ने वोटर लिस्ट से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की। पश्चिम बंगाल के लोगों ने शायद ही इससे पहले कभी ऐसा चुनाव देखा हो।
ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण दिए जाने की बात करते हुए भट्टाचार्य ने कहा-इसलिए, पश्चिम बंगाल की आम जनता ज्ञानेश कुमार का पूरा समर्थन करती है। उनके योगदान और शांतिपूर्ण बंगाल चुनाव के लिए ज्ञानेश कुमार को ‘पद्म भूषण’ सम्मान दिया जाना चाहिए, और बंगाल की जनता बिना खून-खराबे वाला चुनाव कराने के लिए ज्ञानेश कुमार के साथ है।
