राहुल गांधी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार को चेताया
कहा-‘हमारे पास आपके इतिहास की जानकारी है, आप बचोगे नहीं’
निज संवाददाता : मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। पूरी दिल्ली को किला बना दिया है। हर तरफ पुलिसवाले तैनात कर दिए गए हैं। हम चाहते हैं कि दिल्ली में 20 से 30 हजार पुलिस वाले तैनात रहहें। इससे पता चल रहा है कि कैसे सरकार ज्ञानेश कुमार को बचा रही है। मेरी दिल्ली पुलिस वाले से बात होती है करीब 50 फीसदी पुलिसवाले हमारे साथ हैं और कह रहे हैं आप जो कर रहे हैं, वो अच्छा कर रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोग भी सरकार से नाराज हैं। पुलिसवाले कह रहे हैं कि आप बच्चों को हमसे क्यों पिटवा रहे हो। वो बच्चों के साथ बदसलूकी नहीं करना चाहते हैं.. लेकिन बीजेपी और आरएसएस के लोग बच्चों के साथ अत्याचार कर रहे हैं… वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन को सरकार दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं। सरकार ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए कोई जगह नहीं दी। जंतर-मंतर तक नहीं जाने दे रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा-ज्ञानेश कुमार की हालत हम जानते हैं… हम जानते हैं कि वो रात को सो नहीं पा रहे हैं… इन्होंने जिस तरह से लाखों लोगों के अधिकार छीने हैं, उसपर लोग सवाल पूछ रहे हैं… ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं और मैं ये बात सीधे उन्हीं से कह रहा हूं… संविधान पर हमला हो रहा है… यह आंदोलन एक दिन की बात नहीं है… यह जारी रहेगा… पुलिस भी सवाल कर रही है कि आखिर क्यों वे ज्ञानेश कुमार जैसे चोर की रक्षा कर रहे हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा-हम चाहते हैं कि सड़कों पर 20,000 से 30,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं… सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है, क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि मोदी जी ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं… उन्हें जितनी ज़्यादा सुरक्षा मिलेगी, हम आखिरकार उनके कंट्रोलर तक उतनी ही आसानी से पहुंच पाएंगे… हमें ऐसी खबरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी परेशान हैं क्योंकि उन्हें युवाओं की पिटाई करने का आदेश दिया जा रहा है, जबकि आरएसएस सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे कहा-50 फीसदी पुलिसकर्मी हमें बता रहे हैं कि जो हम कर रहे हैं (सीईसी के खिलाफ आंदोलन) वह सही है और हमें इसे जारी रखना चाहिए… पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, भारत के लोग एक तरफ हैं और नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल, ज्ञानेश कुमार, और निर्वाचन आयोग के 4-5 सदस्य जो ‘वोट चोरी’ को सुगम बना रहे हैं और देश का अपहरण कर रहे हैं, वे दूसरी तरफ हैं… हम इस विभाजन को बढ़ा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा, ‘यह इसलिए हो रहा है क्योंकि हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था: ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे? ज्ञानेश कुमार, आप सो नहीं पा रहे हैं; हम आपको बख्शेंगे नहीं… हम आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में जानते हैं, और हम इंतजार कर रहे हैं…’
