सनी देओल की नई फिल्म ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

फिल्म में एक्टर के लुक पर फिदा हुए फैंस

सनी देओल की नई फिल्म ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

निज संवाददाता : बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल गदर 2 और बॉर्डर 2 की सफलता के बाद अब एक और धांसू फिल्म के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रहे हैं। वे अब सूर्या फिल्म में नजर आएंगे। इसका पूरा टाइटल ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’ रखा गया है। फिल्म से एक्टर का ऐसा लुक सामने आया है जैसा शायद ही फैंस ने पहले कभी देखा हो। फिल्म का मोशन पोस्टर शेयर कर दिया गया है। इसी के साथ उनकी इस फिल्म की रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी गई है।
साल 2026 सनी देओल के करियर के लिहाज से बहुत अच्छा रहा है। इस साल शुरुआत में ही उनकी फिल्म बॉर्डर 2 ने काफी अच्छा कलेक्शन कर के दिखाया। अब इस फिल्म में वे जरा अलग अंदाज में नजर आने जा रहे हैं। उनका लुक फैंस की एक्साइटमेंट भी बढ़ा रहा है।
सूर्या अंत से आरंभ तक फिल्म की बात करें तो इसमें  सनी देओल  का लुक काफी अलग है। आमतौर पर वे फिल्मों में पॉजिटिव रोल में ही नजर आते हैं। लेकिन इस बार उनका लुक ग्रे शेड का लग रहा है। मुंह में सिगरेट लिए आंखें बंद किए सनी देओल के दिमाग में क्या चल रहा है कोई बता नहीं सकता। लेकिन उनका स्वैग तो पहले कभी ना दिखने जैसा है। ये बॉर्डर 2 के किसी सेना अधिकारी का तेवर नहीं है ना तो गदर फिल्म के तारा सिंह की हूंकार। इस किरदार में एक स्वैग है। वे फिल्म में किसी मसीहा सरीखे रोल में नजर आ सकते हैं। हालांकि मोशन पोस्टर से तो अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
लेकिन सनी देओल के इस लुक को फैंस से हरी झंडी जरूर मिल गई है। सनी पाजी के इस लुक ने फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। एक शख्स ने लिखा- ओजी बॉलीवुड का बाप आ रहा है। एक दूसरे शख्स ने लिखा- ढाई किलो का हाथ नए मिशन पर है। एक शख्स ने लिखा- ये वाला सनी देओल काफी डिफ्रेंट लग रहा है। वहीं एक शख्स ने लिखा- अगर फिल्म में सनी देओल के साथ संजय दत्त भी होते तो और भी मजा आता।
सनी देओल की ये फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म का निर्देशन एम पद्माकुमार कर रहे हैं। इस फिल्म में रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी अहम रोल प्ले करते नजर आएंगे। देखने वाली बात होगी कि आखिर ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या हुड़दंग मचाती है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News