हाथियों की जान बचाने के लिए वनकर्मी ने दिखाई बहादुरी
टला बड़ा रेल हादसा
निज संवाददाता : कभी-कभी एक छोटी-सी सूझबूझ दर्जनों जिंदगियां बचा लेती है। उत्तर बंगाल के नक्सलबाड़ी में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ रहे करीब 70 जंगली हाथियों के झुंड पर ट्रेन की चपेट में आने का खतरा मंडराने लगा। इसी दौरान कुर्सियांग वन विभाग के वनकर्मी आकाश केरकेट्टा की सूझ-बूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का झुंड नक्सलबाड़ी इलाके में पहुंचा था। इसमें नर और मादा हाथियों के साथ कई बच्चे भी शामिल थे। हाथियों ने पहले नेशनल हाईवे पार किया। उन्हें सुरक्षित रास्ता पार कराने के लिए प्रशासन और वन विभाग ने कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी थी।
वनकर्मी हाथियों को सड़क पार करा रहे थे, तभी आकाश केरकेट्टा को ध्यान आया कि आगे रेलवे लाइन भी है। हाथियों का झुंड उस दिशा में बढ़ सकता था। खतरे को भांपते हुए वह तुरंत रेल ट्रैक की ओर दौड़े। इसी बीच दूर से तेज रफ्तार में सिक्किम-महानंदा एक्सप्रेस आती दिखाई दी। दूसरी ओर हाथियों का झुंड भी रेलवे लाइन के बेहद करीब पहुंच चुका था। हालात ऐसे थे कि कुछ ही पलों की देरी बड़ा हादसा करा सकती थी।
सोशल मीडिया पर सामने आए वायरल वीडियो के अनुसार, खतरे को देखते हुए आकाश केरकेट्टा ने अपने पास मौजूद लाल कपड़ा लहराकर ट्रेन को रुकने का संकेत देना शुरू किया। लगातार संकेत मिलने पर लोको पायलट की नजर उन पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए चालक ने ट्रेन की रफ्तार कम की और ब्रेक लगाने शुरू कर दिए।
तब तक हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर पहुंच चुका था। लोको पायलट ने ट्रेन को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया। इसके बाद एक-एक करके सभी हाथियों ने ट्रैक पार किया और जंगल की ओर चले गए। हाथियों के सुरक्षित निकल जाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि,घटना के बाद अधिकारियों ने आकाश केरकेट्टा की तत्परता की सराहना की। उत्तर बंगाल के रेल मार्गों पर पहले भी ट्रेन की चपेट में आने से हाथियों की मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं। वन विभाग और रेलवे के बीच समन्वय से ऐसे हादसों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आकाश केरकेट्टा की इस पहल को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और साहस की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है। हाथियों के झुंड और वनकर्मी आकाश केरकेट्टा द्वारा लाल कपड़ा लहराने और ट्रेन के रुकने सहित हाथियों के झुंड द्वारा रेलवे क्रॉसिंग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग आकाश को रियल हीरो बताकर सेल्यूट कर रहे हैं।
