छात्र को डांटने पर उसके पिता ने शिक्षक को पीटा
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शिक्षक ने एक छात्र को अनुशासनहीनता के लिए डांट दिया तो 11वीं में पढ़ने वाले छात्र के पिता ने शिक्षक को बेल्ट से पीटा। ये पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना सोमवार की बताई जा रही है। घटना जिले के गोपालनगर हरिपाड़ा के संस्थान में घटी।
बाद में इस घटना की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी पिता की पहचान देबब्रता दास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कक्षा 11 के कुछ छात्र सोमवार को स्कूल में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर हंगामा कर रहे थे। तभी एक बंगाली शिक्षक अरुण दास ने हस्तक्षेप किया।
शिक्षक अरुण दास ने छात्रों को उनके व्यवहार के लिए फटकार लगाई। इसके कुछ ही समय बाद, एक छात्र का पिता देवव्रत दास स्कूल पहुंचा और प्रधानाध्यापक के कमरे में गया, जहां शिक्षक अरुण दास थे. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि देवव्रत दास की शिक्षक अरुण दास से कहासुनी हो गई। उस व्यक्ति ने अरुण दास पर हमला कर दिया और बेल्ट से उनकी पिटाई शुरू कर दी।
शिक्षक की पिटाई होते देख अन्य दूसरे शिक्षक प्रिंसिपल के कमरे में आए और हस्तक्षेप करके देवव्रत दास को रोका। इसके बाद इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। फिर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता ने शिक्षक को बेल्ट से पीटा है। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। मामले की जांच जारी है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
