‘वक्त ही बताएगा’

बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच बोले मनोज तिवारी

‘वक्त ही बताएगा’


निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के 2026 के चुनाव के लिए सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवारों की सूची से राज्य मंत्री मनोज तिवारी को बाहर कर दिया है। यहां से बाहर होने के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर और राज्य मंत्री मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें बीजेपी  से प्रस्ताव मिला है। इस प्रस्ताव के बाद भी फिलहाल उन्होंने अभी तक अपने राजनीतिक भविष्य पर कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि वक्त ही बताएगा। शिबपुर से मौजूदा विधायक और खेल राज्य मंत्री तिवारी को दोबारा टिकट नहीं दिया गया, क्योंकि टीएमसी  ने इस सीट से डॉ. राणा चटर्जी को अपना उम्मीदवार चुना है। ऐसे में बीजेपी  ने मनोज तिवारी से संपर्क किया है और 40 साल के पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि उन्हें अपने अगले कदम के बारे में फैसला करने की कोई जल्दी नहीं है।
संबरन बनर्जी अकादमी में अभिषेक डालमिया की ओर से आयोजित किए गए एनसीसी  बेबी लीग के फ़ाइनल के मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि अभी मैं उस मानसिक स्थिति में नहीं हूं कि यह तय कर सकूं कि मैं राजनीति में रहूंगा या नहीं। उन्होंने आगे कहा कि मैं इस बारे में सोचूंगा और अपनी पत्नी से बात करूंगा, उसके बाद फैसला लूंगा क्या करना है। उन्होंने कहा कि मुझ जैसे लोगों (मेहनती और काबिल लोगों) के पास हमेशा प्रस्ताव होते हैं।
क्रिकेटर मनोज तिवारी ने याद दिलाया कि कैसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले विधानसभा चुनावों से पहले उन्हें एक दर्जन से बार फोन किया था और व्यक्तिगत रूप से उन्हें टीएमसी  में शामिल होने के लिए मनाया था। क्रिकेटर ने कहा कि मुझे अब भी याद है कि जब मैं जेयू  मैदान पर अभ्यास कर रहा था, तब मैंने देखा कि माननीय मुख्यमंत्री के 13-14 मिस्ड कॉल आए हुए थे। मैंने दीदी को वापस फोन किया और वह चाहती थीं कि मैं पार्टी में शामिल हो जाऊं। मैं सिर्फ दीदी की वजह से पार्टी में शामिल हुआ, खासकर जिस तरह से उस समय बड़े नेताओं ने उनका अपमान किया था।
क्रिकेट से राजनीति में कदम रखने वाले तिवारी ने कहा कि उनका इरादा हमेशा लोगों की सेवा करना रहा है। “क्रिकेट खेलते हुए मैंने बहुत मेहनत की और लोगों की सेवा करने के लिए मैं राजनीति में आया। मैंने क्रिकेट के अलावा कभी कुछ और नहीं सोचा था। लेकिन मुझे अब भी लगता है कि यह सही फैसला था।
उनका यह संभावित कदम एक दिलचस्प मोड़ हो सकता है, खासकर तब जब उनके बंगाल के पूर्व साथी खिलाड़ी अशोक डिंडा पहले से ही बीजेपी  का हिस्सा हैं। डिंडा अब बीजेपी  विधायक हैं। उन्हें इस बार के चुनाव में मोयना सीट से मैदान में उतारा गया है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News