‘तुरंत ईरान छोड़ दो’
तनाव बढ़ने पर नई दिल्ली ने देश में भारतीयों को चेतावनी दी
निज संवाददाता : ईरान में बढ़ते तनाव और हालिया विरोध प्रदर्शनों के बीच तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सख्त सलाह दी है। दूतावास ने एक्स पर जारी एडवाइजरी में कहा कि छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक सहित सभी भारतीय उपलब्ध साधनों से, जिसमें कमर्शियल फ्लाइट्स शामिल हैं, ईरान छोड़ दें। यह सलाह 5 जनवरी 2026 और 14 जनवरी 2026 की पिछली एडवाइजरी का पुनरावलोकन है, लेकिन अब स्थिति और गंभीर बताई गई है।
दूतावास ने लिखा-ईरान में वर्तमान स्थिति के मद्देनजर, भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक) को कमर्शियल फ्लाइट्स समेत सभी उपलब्ध साधनों से ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है। 14 जनवरी 2026 की एडवाइजरी दोहराई जाती है कि सभी भारतीय नागरिक और पीआईओ सतर्क रहें, विरोध प्रदर्शन या डेमॉन्स्ट्रेशन वाले इलाकों से दूर रहें, भारतीय दूतावास से संपर्क में रहें और स्थानीय मीडिया पर नजर रखें। दूतावास ने आगे कहा कि सभी भारतीयों को अपना पासपोर्ट, आईडी और अन्य ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स हमेशा तैयार रखने चाहिए। किसी भी मदद के लिए दूतावास से संपर्क करें।
भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिनसे दूतावास में संपर्क किया जा सकता है।
• +98 912 810 9115
• +98 912 810 9109
• +98 912 810 9102
• +98 993 217 9359
इसके अलावा ईमेल cons.tehran@mea.gov.in के जरिए भी कॉन्टैक्ट कर सकते हैं।
• ईरान में स्थिति : जनवरी 2026 में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के दौरान हजारों लोग मारे गए थे, जिसके बाद सरकार ने सख्त कार्रवाई की। फरवरी 2026 में विश्वविद्यालयों के फिर से खुलने के साथ छात्रों ने बड़े पैमाने पर विरोध शुरू किया। तेहरान, मशहद और अन्य शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं, जहां सुरक्षा बलों के साथ झड़पें हुई हैं।
• अमेरिका-ईरान तनाव : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है। अमेरिकी सैन्य ताकतें क्षेत्र में इकट्ठा हो रही हैं और ट्रंप प्रशासन की ओर से संभावित हमलों की आशंका है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह एडवाइजरी अमेरिकी हमलों की आशंका के बीच आई है।
• पिछली एडवाइजरी : 5 जनवरी को भारतीय विदेश मंत्रालय ने गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी थी। 14 जनवरी को दूतावास ने सतर्क रहने को कहा था। अब फरवरी में स्थिति और बिगड़ने पर 'तुरंत निकलने' की अपील की गई है।
