फीफा वर्ल्ड कप 2026
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होगा फाइनल मुकाबला
निज संवाददाता : फीफा वर्ल्ड कप 2026 जो 48 टीमों के साथ शुरू हुआ था, अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट के फाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। खिताब के लिए अब स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे। एक तरफ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप जीतने के इरादे से उतरेगी, तो दूसरी ओर स्पेन 16 साल बाद विश्व कप का खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेगा।
स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर फाइनल में जगह बनाई। टीम ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया है और अब दूसरे खिताब से सिर्फ एक जीत दूर है। वहीं अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया है। लियोनेल मेसी एक बार फिर टीम की सबसे बड़ी उम्मीद होंगे, जबकि स्पेन की नजरें युवा स्टार लामिन यामाल पर टिकी रहेंगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार फाइनल मुकाबला 20 जुलाई की देर रात 12:30 बजे शुरू होगा। फाइनल मुकाबला न्यूयॉर्क के न्यूजर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत में फाइनल का सीधा प्रसारण टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। डिजिटल स्ट्रीमिंग ZEE5 पर होगी, जो टूर्नामेंट का आधिकारिक डिजिटल ब्रॉडकास्टर है। ZEE5 पर मुकाबला देखने के लिए सब्सक्रिप्शन जरूरी होगा। Jio यूजर्स JioTV ऐप पर DD Sports की फीड देख सकते हैं। टीवी दर्शक DD Sports, Unite8 Sports और Unite8 Sports HD पर मुकाबले का लाइव प्रसारण देख सकते हैं।
अर्जेंटीना के पास लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का मौका है। अगर वह खिताब बचाने में सफल रहती है तो 1958 और 1962 में लगातार विश्व कप जीतने वाले ब्राजील के बाद ऐसा करने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। वहीं स्पेन के पास अपने इतिहास का दूसराफीफा वर्ल्ड कप खिताब जीतने का मौका होगा।
