इमरान खान के लिए कपिलदेव ने उठाई आवाज
कहा-मैं अपने दोस्त का समर्थन करना चाहता हूं
निज संवाददाता : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान को दुनियाभर से समर्थन मिल रहा है। बीते रविवार को 21 पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक पत्र लिखकर उनके मानवीय ट्रीटमेंट की गुहार लगाई थी। इन खिलाड़ियों में कपिल देव भी शामिल थे। अब एक बार फिर पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने अपने दोस्त इमरान के लिए आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि मैं उस दोस्त का समर्थन करना चाहता हूं जिनके साथ मैं खेला हूं।
इसके अलावा कपिल देव ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों को लेकर भी बात की, जिन्होंने अब अब तक इमरान को लेकर चुप्पी साधी हुई है। इस सूची में वसीम अकरम जैसे कई दिग्गज मौजूद हैं। इन क्रिकेटरों ने इमरान खान के साथ खेला है।
मीडिया से बात करते हुए कपिल देव ने कहा-मैं पाकिस्तानी क्रिकेटरों को नहीं बोलने के लिए दोषी नहीं ठहरा सकता। उन्हें वहां रहना है। लेकिन हम बाहर से देख रहे हैं। हां, मैं उस दोस्त का समर्थन करना चाहूंगा जिसके साथ मैं खेला और जिसकी क्रिकेटिंग स्किल की हम तारीफ करते हैं।
उन्होंने आगे कहा-हम बार-बार कह रहे हैं कि हमें देश के कानून के बारे में नहीं पता, ठीक है। लेकिन इंसानियत के नाते और एक कैदी को बुनियादी सुविधाएं देने के लिहाज से- चाहे वह कोई भी हो और वह तो देश का पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया का जाना-माना क्रिकेटर रहा है। उसे सबसे अच्छा इलाज मिलना चाहिए, हम बस यही मांग कर रहे हैं।
यह 6 महीनों के बीच इमरान खान के समर्थन में लिखा गया दूसरा पत्र रहा। इससे पहले फरवरी में 14 पूर्व कप्तानों ने पत्र लिखकर इमरान खान की हेल्थ पर चिंता जताई थी। इमरान के परिवार ने शिकायत की थी कि उनकी एक आंख की रोशनी बिल्कुल खत्म हो गई है। मेडिकल मदद के अलावा पत्र में लिखा गया था कि इमरान के परिवार को भी उनसे मिलने दिया जाए।
