महुआ मोइत्रा ने उमर खालिद का किया समर्थन
निज संवाददाता : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखते हुए उमर खालिद का समर्थन किया है। महुआ मोइत्रा ने कहा कि जैसे ही मैंने देखा कि राम रहीम का काफिला तेजी से आगे बढ़ रहा है, मैं आपसे माफी मांगता हूं उमर खालिद। विद्वान हो इसीलिये अंदर हो, बलात्कारी होते तो कब का बाहर निकल जाते। लेकिन निराश नहीं होना है। पहाड़ दरक रहा है, हम देखेंगे।
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने भी यूएपीए के तहत लंबे समय से जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम का समर्थन किया था। यूएपीए के तहत उमर खालिद और शरजील इमाम की लंबे समय से जारी हिरासत को लेकर हुसैन दलवई ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उमर खालिद को करीब छह सालों से और शरजील इमाम को करीब सात सालों से जेल में रखा गया है।
कांग्रेस नेता दलवई ने आगे कहा था कि किसी व्यक्ति को इतने लंबे समय तक बिना मुकदमे के जेल में रखना लोकतांत्रिक अधिकारों के लिहाज से गंभीर विषय है। यदि छह-सात सालों में भी मुकदमा आगे नहीं बढ़ रहा है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर व्यक्ति को इतने लंबे समय तक जेल में रखने का आधार क्या है। अदालत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा था कि न्यायपालिका का काम नागरिकों के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना है। अदालतों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी व्यक्ति को अनिश्चितकाल तक बिना सुनवाई के जेल में न रखा जाए।
