बशीरहाट में तृणमूल नेता के घर पर बमबाजी से इलाके में हड़कंप
निज संवाददाता : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट में तृणमूल कांग्रेस नेता के घर पर बम से हमला होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हमला मंगलवार की रात वार्ड नंबर 8 के पार्षद असित मजूमदार के घर पर हुआ। उन्होंने बम की आवाज सुनी, लेकिन जब तक वे घर से बाहर निकले, तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। इस हमले ने चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में गरमाहट ला दी।
तृणमूल कांग्रेस के नेता असित मजूमदार ने इस घटना पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि अपने 55 साल के लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी ऐसी घटना नहीं देखी। उन्होंने इस हमले के पीछे पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी की ओर इशारा किया है। उन्होंने कहा कि वामपंथी शासन में भी किसी ने मेरे घर पर हमला करने की हिम्मत नहीं की थी।
मजूमदार ने कहा-मुझे लगता है कि इस घटना के पीछे कोई बाहरी नहीं, बल्कि कोई स्थानीय व्यक्ति हो सकता है। उन्होंने कहा कि बशीरहाट में ऐसे हालात देखकर उन्हें दुख होता है। मेरा किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है, इसलिए मैं किसी का नाम नहीं ले सकता।
घटना की खबर मिलते ही बशीरहाट दक्षिण के विधायक सप्तर्षि बनर्जी समेत पार्टी के स्थानीय नेता मौके पर पहुंचे। विधायक ने इस घटना की निंदा की और इसके पीछे विपक्षी दल की साजिश की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि जो लोग बंगाल में अशांति फैलाना चाहते हैं, यह उनका काम हो सकता है। सप्तर्षि बनर्जी ने कहा कि पुलिस को 48 घंटे के भीतर दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह साफ हो जाएगा कि इस हमले के पीछे कौन है।
वहीं, बीजेपी ने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी कलह को जिम्मेदार ठहराया है। बीजेपी के बशीरहाट संगठनात्मक जिले के युवा मोर्चा अध्यक्ष पलाश सरकार ने कहा कि तृणमूल की आपसी लड़ाई इस हद तक पहुंच गई है कि अब पार्टी के पार्षद भी सुरक्षित नहीं हैं।
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। बशीरहाट पुलिस जिले के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि पार्षद के घर पर सॉकेट-टाइप बम फेंका गया था। मौके से बम के टुकड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस पार्षद और आसपास के लोगों से बात कर जानकारी जुटा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
