ममता बनर्जी गुट ने जारी किया पार्टी का नया चुनाव चिन्ह
पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद किया डिजाइन
निज संवाददाता : नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव से दो हफ्ते पहले टीएमसी के ममता बनर्जी गुट ने नए नाम के साथ अपना नया चुनाव चिन्ह जारी कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ के नए चुनाव चिन्ह फुटबॉल खिलाड़ी का डिजाइन खुद ममता बनर्जी ने तैयार किया है। इसके डिजाइन में टीएमसी के झंडे का कलर केसरिया, सफेद और हरे रंगों को भी शामिल किया गया है। ममता बनर्जी ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को नए सिंबल को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने के निर्देश दिए हैं ताकि वोटरों को नए लोगो से परिचित कराया जा सके।
टीएमसी के दोनों गुटों के दावे के बाद 17 सितंबर को चुनाव आयोग ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस और घास के साथ दो फूल चुनाव चिन्ह को फ्रीज कर दिया था। आयोग ने आदेश दिया कि जब तक विवाद का कोई ठोस समाधान नहीं निकल जाता, तब तक कोई भी गुट पार्टी के मौजूदा नाम और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। इसके बाद दोनों गुटों ने नाम और निशान के लिए विकल्प पेश किए थे। ममता गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फ़ुटबॉल खिलाड़ी’ वाला सिंबल दिया गया। अरूप रॉय के नेतृत्व वाले विरोधी गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ वाला सिंबल मिला।
नए नाम और निशान के साथ दोनों गुटों ने नंदीग्राम और रेजीनगर में अपने उम्मीदवार उतारे। नंदीग्राम में ममता गुट के टीएमसी प्रत्याशी संचिता प्रधान दे ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अपना नामांकन वापस ले लिया। अब ममता बनर्जी के नए चुनाव चिन्ह के आधार पर जनमत रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में तय होगा। रेजीनगर से टीएमसी के दोनों गुटों के कैंडिडेट चुनाव लड़ रहे हैं। 6 अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजीनगर में वोट डाले जाएंगे। सोमवार को ममता बनर्जी गुट ने अपने नए सिंबल फुटबॉल खिलाड़ी का लोगों जारी किया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सभी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे अपने-अपने प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल कर लोगो का प्रचार करें। सोमवार को ही सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव चिन्ह को लेकर ममता बनर्जी की ओर दायर याचिका स्वीकार कर ली। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती दी है।
