अपने पसंदीदा हीरो को देखने के लिए सैकड़ों फैंस उमड़े
-सुरक्षा कारणों से लंदन में 'थलपति' विजय का इवेंट रद्द कर दिया गया।
निज संवाददाता : सुरक्षा कारणों से लंदन में 'थलपति' विजय का इवेंट रद्द कर दिया गया। वे कुछ दिन पहले ही लंदन पहुंचे थे। जैसे ही यह खबर फैली कि उनके पसंदीदा स्टार शहर में आ गए हैं, फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब हो गए। लंदन के 'द शार्ड' में 'थलपति'—तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय—के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हालांकि, आयोजकों को आखिरी समय में कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि फैंस की भारी भीड़ अपने पसंदीदा स्टार को करीब से देखने की उम्मीद में जमा हो गई थी। बढ़ती भीड़ से सुरक्षा को खतरा हो सकता है, यह सोचकर आयोजकों ने कार्यक्रम रद्द करने का फैसला किया। 'थलपति' की टीम ने घोषणा की कि फैंस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम रद्द किया जा रहा है। अपने आदर्श को सामने देखने का मौका चूकने के बाद फैंस निराश हुए।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए एक फैन ने कहा-हालांकि कार्यक्रम रद्द करने का एक वाजिब कारण है, लेकिन हममें से जो लोग थलपति को देखने के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वे इस घटनाक्रम से निराश हैं। इस तरह का उत्साह आमतौर पर तमिलनाडु में देखने को मिलता है।
मालूम हो कि विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल अभी लंदन में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि विजय की यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करना है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि विदेशी निवेश लाने के लिए इस यात्रा के दौरान 12,300 करोड़ रुपए के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
कई लोगों ने लंदन के इस कार्यक्रम के रद्द होने और करूर में हुई रैली के बीच समानताएं बताई हैं। 'थलपति' ने राज्य चुनावों से पहले चुनाव प्रचार के लिए करूर का दौरा किया था, जहां रैली में हजारों फैंस और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। उस जनसभा में भगदड़ मच गई थी, जिससे विजय की आलोचना हुई थी। करूर जैसी घटना दोबारा न हो, इसलिए आयोजकों ने भीड़ को देखते हुए और फैंस की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लंदन का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
