अमेरिका में इलाज करा रहे अभिषेक बनर्जी ने दिया राजनीतिक संदेश

कहा-मेरा काम अभी खत्म नहीं हुआ है

अमेरिका में इलाज करा रहे अभिषेक बनर्जी ने दिया राजनीतिक संदेश


 निज संवाददाता : अमेरिका में इलाज करा रहे तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा-मेरा काम अभी खत्म नहीं हुआ है।  साथ ही एक फोटो भी शेयर किया जिसमें उन्होंने अपने विरोधियों को मैसेज देने की कोशिश की।
अभिषेक इस समय अमेरिका में हैं। वे अपनी आंखों की जांच और इलाज के लिए अमेरिका गए हुए हैं। उन्हें हर साल यह जांच करानी होती है। अभिषेक ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर बुधवार को अपनी क्लोज अप वाली एक फोटो पोस्ट की। यह तस्वीर अमेरिका के जॉन्स हॉपकिन्स में आंखों की जरूरी जांच के बाद ली गई थी।
सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई एक क्लोज-अप तस्वीर में उनकी आंख के नीचे एक गहरा सा निशान दिख रहा है, जो एक भीषण सड़क हादसे में लगी चोट के कारण बन गया। इस तस्वीर पर अभिषेक ने बीजेपी की लगातार दबाव और कथित डराने-धमकाने के बीच एक राजनीतिक संदेश भी दिया।
अभिषेक को हाल के समय में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इनमें जांच एजेंसियों की कार्रवाई, जानलेवा हमले,  हत्या की कोशिश का आरोप, उनके दफ्तर में तोड़-फोड़ और बीजेपी सरकार द्वारा राजनीतिक उत्पीड़न तक के गंभीर आरोप शामिल हैं।
ऐसे हालात में उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इससे यह संदेश जाता है कि वह दबाव के आगे झुकेंगे नहीं। अभिषेक ने अपनी पोस्ट में लिखा-यह निशान बताता है कि मैंने बहुत कुछ झेला है। लेकिन मेरी आंखें बताती हैं कि मेरा काम अभी खत्म नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी)  ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सरकारी जमीन की कथित अवैध बिक्री के मामले में उनके करीबी सहयोगी सुमित रॉय को 10 सितंबर को 8 दिन के लिए हिरासत में ले लिया।
जिले के एक कोर्ट में सीआईडी की ओर से सुमित को हिरासत में लेने का अनुरोध किया गया। फिर कोर्ट ने रॉय को सीआईडी की हिरासत में भेज दिया।
इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने अभिषेक के खिलाफ दर्ज 3 एफआईआर से जुड़े मामले में 7 सितंबर को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दे दी और उनके खिलाफ लगातार दर्ज हो रहे मामलों पर नाराजगी भी जताई। हाईकोर्ट पहले भी अभिषेक के खिलाफ कुल 4 एफआईआर से जुड़े 2 मामलों में किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम सुरक्षा दी थी।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News