तृणमूल के दोनों गुटों को मिला नया नाम और सिंबल
एमएआईटीसी होगा ममता बनर्जी की पार्टी का नया नाम, फुटबॉल खिलाड़ी चुनाव चिन्ह
-
निज संवाददाता : चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दोनों गुटों के नाम और चुनाव चिन्ह तय कर दिए हैं। ममता बनर्जी के गुट को ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एमएआईटीसी) नाम और फुटबॉल खिलाड़ी चुनाव चिन्ह मिला है, जबकि ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस नाम और लिफाफा चुनाव चिन्ह दिया गया है। इन दोनों गुटों को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का दर्जा दिया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को तीन नाम और तीन सिंबल का सुझाव भेजा था। सूत्रों के मुताबिक, ममता खेमे ने विकल्पों में तृणमूल ममता कांग्रेस या ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ममता जैसे नाम दिए। सिंबल के विकल्पों में फुटबॉल, प्रार्थना और क्रिकेट बैट शामिल था। क्रिकेट बैट के साथ खेला होबे का स्लोगन भेजा गया। ममता खेमे ने चुनाव आयोग को ईमेल के जरिए अपनी पसंद भेजी थी।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बागी गुट की अगुवाई कर रहे ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, हमने 3 नाम और 3 सिंबल ईमेल के जरिए भेजे। बता दें कि गुरुवार को चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को 3-3 नाम और 3-3 फ्री सिंबल के विकल्प देने को कहा था। यह व्यवस्था आगामी उपचुनावों के लिए अंतरिम है। मूल पार्टी के नाम और फूल और घास वाले आरक्षित सिंबल पर अंतिम फैसला पैरा 15 की कार्यवाही के बाद होगा।
पूरे विवाद की शुरुआत पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई। इस चुनाव में टीएमसी को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा और बीजेपी ने प्रचंड जीत हासिल की। टीएमसी की इस हार के बाद जीते हुए अधिकतर विधायकों ने ममता बनर्जी को अपना नेता मानने से मना कर दिया और ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई में अलग गुट बना लिया। इसके बाद टीएमसी का हक हासिल करने की लड़ाई शुरू हो गई। पहले पार्टी फंड पर दावा किया गया, फिर नाम और सिंबल पर।
