चुनाव आयोग ने हुमायूं कबीर की नई पार्टी को दी मंजूरी
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के ऐलान से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर को गुड न्यूज मिली है। बंगाल के अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले के भरतपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार शाम को बताया कि उन्हें चुनाव आयोग (ईसी) से एक सूचना मिली है। इसमें कहा गया है कि उनकी नई राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण को प्रारंभिक मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि नए राजनीतिक दल का नाम आम 'जनता उन्नयन पार्टी' (एजेयूपी) रखा गया है।
हुमायूं कबीर ने बताया कि पार्टी की योजना इस साल होने वाले महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल की कई विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की है। शुरुआत में कबीर ने चुनाव आयोग को 'जनता उन्नयन पार्टी' (जेयूपी) नाम प्रस्तावित किया था। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने भी प्रस्तावित नाम की मंजूरी के लिए आयोग के मुख्यालय को सिफारिश भेजी थी। हालांकि, आयोग ने बाद में कबीर को पार्टी का नाम बदलने की सलाह दी, क्योंकि इसी नाम से एक राजनीतिक दल पहले से ही पंजीकृत था।
इसके बाद कबीर ने अपनी पार्टी का नाम बदलकर आम 'जनता उन्नयन पार्टी' (एजेयूपी) कर दिया। शुरुआती मंजूरी के बावजूद पार्टी को अपना अंतिम और आधिकारिक पंजीकरण प्राप्त करने में कुछ समय लगेगा। इस प्रक्रिया के तहत अब समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचनाएं प्रकाशित करनी होंगी। इनमें लोगों को नए राजनीतिक दल के प्रस्तावित पंजीकरण के बारे में सूचित किया जाएगा। अगर निर्धारित समय सीमा के अंदर कोई आपत्ति नहीं मिलती है तो अंतिम पंजीकरण प्रदान कर दिया जाएगा। आयोग के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि अगर कोई दिक्कत नहीं आती है, तो एजेयूपी का अंतिम पंजीकरण दो सप्ताह के अंदर हो सकता है।
मालूम हो कि हुमायूं कबीर को तृणमूल कांग्रेस से तब निलंबित कर दिया गया था जब उन्होंने मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में प्रस्तावित मस्जिद के शिलान्यास समारोह की घोषणा की थी। कबीर ने कहा था कि मस्जिद का निर्माण अयोध्या की मूल बाबरी मस्जिद की वास्तुकला शैली में किया जाएगा, जिसे 6 दिसंबर, 1992 को ध्वस्त कर दिया गया था।
