चीन में बने स्मार्ट वाहन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा,
अमेरिका के डेमोक्रेटिक सांसदों ने चेतावनी दी
वॉशिंगटन : अमेरिका के दो डेमोक्रेटिक सांसदों ने चीन से जुड़ी गाड़ियों को कनाडा और मैक्सिको के रास्ते अमेरिका आने से रोकने के लिए बिल पेश किया। उनकी ओर से चेतावनी दी गई कि ये गाड़ियां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं और अमेरिकी ऑटो उद्योग के लिए भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस बिल से चीन और अन्य विरोधी देशों से आने वाले कनेक्टेड वाहनों को अमेरिका में आने से रोक दिया जाएगा, जिसमें चीन में बने या चीनी कंपनियों की ओर से बनाए गए वाहन भी शामिल हैं। हेली स्टीवंस ने कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को अमेरिकी ड्राइवरों, सड़कों या महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के बारे में संवेदनशील जानकारी तक कभी भी पहुंच नहीं मिलनी चाहिए। यह बिल उन खतरनाक कमियों को दूर करता है, जिनके कारण अभी चीन कनेक्टेड वाहन कनाडा और मैक्सिको के रास्ते अमेरिका में आ पाते हैं। उन्होंने कहा कि यह बिल अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करने और मिशिगन के उन ऑटो-कर्मियों के साथ खड़े होने के बारे में है, जो दुनिया के सबसे बेहतरीन वाहन बनाते हैं। उन्होंने बताया कि मैक्सिको बाजार में अब चीनी वाहनों की हिस्सेदारी लगभग 15 फीसदी है। उन्होंने कनाडा के जनवरी 2026 के चीन के साथ हुए व्यापार समझौते का भी जिक्र किया, जिसके तहत हजारों चीनी वाहनों पर लगने वाले शुल्क में भारी कमी आएगी। सांसदों ने कहा कि चीन से आने वाले कनेक्टेड वाहनों का खतरा अब उत्तर और दक्षिण तक पहुंच चुका है। स्लॉटकिन ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ आर्थिक मामलों तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा, दोनों से जुड़ा मुद्दा है। हमें इन वाहनों को अपनी सीमाओं को पार करके हमारे समुदायों में प्रवेश करने से हर हाल में रोकना होगा। उन्होंने कहा कि ये वाहन असल में पहियों पर चलते निगरानी तंत्र हैं। ये किसी भी ड्राइवर की सटीक लोकेशन का पता लगाने, पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग करने और हमारे सैन्य ठिकानों सहित अन्य संवेदनशील बुनियादी ढांचों की मैपिंग करने में पूरी तरह से सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि यह कानून मेरी ओर से पेश किए गए, दोनों दलों के समर्थन वाले कनेक्टेड व्हीकल सिक्योरिटी एक्ट 2026 पर आधारित है। इसके तहत चीन में पूरी तरह से तैयार वाहनों को किसी भी रूप में भले ही वह सिर्फ एक दिन के लिए ही क्यों न हो, अमेरिका में प्रवेश करने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक यह बिल एक ऐसी प्रक्रिया का भी निर्धारण करेगा, जिसके तहत वाहन निर्माता उन वाहनों के लिए विशेष अनुमति मांग सकेंगे, जिन पर अन्यथा प्रतिबंध लगा होगा। इस तरह की कोई भी अनुमति सख्त शर्तों, पारदर्शिता की आवश्यकताओं और कांग्रेस की निगरानी के अधीन होगी। इसके लिए यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन को कानून लागू होने के 90 दिनों के अंदर इसे लागू करने के तरीके तय करने होंगे और बैन किए गए वाहनों की एक लिस्ट बनानी होगी। दोनों पार्टियों के पॉलिसी बनाने वालों ने लगातार यह चिंता जताई है कि आज के जमाने के वाहन कैमरे, सेंसर और इंटरनेट से जुड़े सिस्टम के जरिए बड़ी मात्रा में डाटा इकट्ठा करते हैं।
