घुसपैठियों को देश से निकालकर रहेंगे : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार दौरे पर राज्य को बड़ा तोहफा दिया है| उन्होंने करोड़ों की परियोजनाओं के शिलान्यास उद्घाटन के बाद कई बड़ी बातें कहीं|
गया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार दौरे पर राज्य को बड़ा तोहफा दिया है| उन्होंने करोड़ों की परियोजनाओं के शिलान्यास उद्घाटन के बाद कई बड़ी बातें कहीं| उन्होंने कहा कि बिहार में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आज यहां हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर का भी उद्घाटन हुआ है| अब बिहार के लोगों को कैंसर के इलाज के लिए एक और सुविधा मिल गई है| गरीबों के लिए इलाज की सुविधा, महिलाओं के जीवन को आसान बनाना| यही काम करके मुझे सबसे ज्यादा खुशी मिलती है| जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, तब तक मोदी चैन से नहीं बैठेगा|
पीएम मोदी ने कहा- हम जल्द शुरू करने जा रहे डेमोग्राफी मिशन, घुसपैठियों को बिहार के लोगों का रोजगार नहीं छीनने देंगे, उनके अधिकार पर डाका नहीं डालने देंगे| इसीलिए हम डेमोग्राफी मिशन को शुरू करना तय किया है| अब हम इन घुसपैठियों को अपने देश में नहीं रहने देंगे| इन घुसपैठियों को देश की जमीन पर कब्जा नहीं करने देंगे| बिहार के सभी लोग देश के अंदर बैठे घुसपैठियों से सावधान रहिए| पहचान लीजिए कि कौन-कौन पार्टी घुसपैठियों के साथ खड़ी है| कांग्रेस-राजद वाले वोट बैंक बढ़ाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं, कितना भी नीचे जा सकते हैं, इनसे बिहार को बुरी नजर से बचाकर रखना है| बिहार के लोगों के लिए ये समय बहुत अहम है|
पीएम-सीएम बिल पर पीएम मोदी ने राहुल-केजरीवाल-लालू- तेजस्वी को खूब सुनाया, कहा- क्लर्क से लेकर अफसर तक घूसखोरी करे तो उसकी जिंदगी तबाह हो जाती है| लेकिन पीएम-सीएम-मंत्री के साथ ऐसा नहीं होता| हमने कुछ दिन पहले देखा कि जेल से फाइलें निपटाई जा रही हैं| पीएम ने बगैर नाम लिए अरविंद केजरीवाल का उदाहरण दिया| कहा- ऐसा होगा तो भ्रष्टाचार कैसे खत्म होगा| हम संविधान की मर्यादा को तार-तार होते नहीं देख सकते| इसीलिए एनडीए सरकार एक ऐसा कानून लाई है, जिसके दायरे में प्रधानमंत्री भी है, इसके दायरे में सीएम और मंत्री भी हैं| अगर इनमें से कोई भी जेल जाता है तो उसे 30 दिन के अंदर जमानत लेनी होगी, अगर जमानत नहीं ले पाया तो 31वें दिन उसे कुर्सी छोड़नी होगी| लेकिन ये राजद, कांग्रेस, लेफ्ट वाले इस कानून का विरोध कर रहे हैं| ये बहुत गुस्से में हैं, कौन नहीं जानता कि इनको किस बात का डर है| जिन्होंने पाप किया है, उनको पता है कि भीतर से उन्होंने क्या-क्या खेल खेला है| ये राजद-कांग्रेस वाले, कोई बेल पर बाहर है, कोई रेल का खेल कर चुका है, वो आज इस कानून का विरोध कर रहे हैं| इनको पता है कि अगर ये जेल चले गए तो इनके सपने चकनाचूर हो जाएंगे| इसीलिए ये मोदी को भांति-भांति की गाली दे रहे हैं|