मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार, जगह-जगह जलभराव ने बढ़ाई आफत
मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है| जगह-जगह हुए जलभराव ने लोगों की आफत बढ़ा दी है|
मुंबईः मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है| जगह-जगह हुए जलभराव ने लोगों की आफत बढ़ा दी है| सड़कों और ट्रेन की पटरियों पर जलभराव होने से परिवहन सेवा भी प्रभावित हुई| वहीं विक्रोली में भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए| मौसम विभाग में राज्य के कई स्थानों पर भारी बारिश का अंदेशा जताया है| मुंबई में भारी बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया| शहर के किंग्स सर्कल, दादर, नवी मुंबई, वाशी समेत तमाम इलाकों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा| मुंबई के पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में रात 1 बजे से सुबह 4 बजे के बीच तेज़ बारिश दर्ज की गई| पश्चिमी उपनगरों में मरोल फायर स्टेशन में सबसे ज़्यादा 207 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सांताक्रूज़ के नारियलवाड़ी स्कूल में 202 मिमी बारिश हुई| किंग्स सर्कल इलाके के विजय ने कहा कि हम काम पर जा रहे थे| इस इलाके में बीएमसी का सीवेज का पानी भरा हुआ है| जिसकी वजह से आना-जाना बहुत मुश्किल है| बीएमसी को इस ओर ध्यान देना चाहिए|
वहीं विक्रोली पार्कसाइट के वर्षा नगर में देर रात करीब 2.39 बजे पास की पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर एक झोपड़ी पर गिर गए, जिससे चार लोग घायल हो गए| पीड़ितों को सरकारी राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया| अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और नागरिक कर्मचारियों सहित आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया| घटना में शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) घायल हो गए और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है| क्षेत्र के अन्य निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है|