प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को करेंगे आईआईटी खड़गपुर का दौरा

संस्थान के प्लैटिनम जुबली पर स्मारक सिक्का जारी करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को करेंगे आईआईटी खड़गपुर का दौरा

निज संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आईआईटी  खड़गपुर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे देश के पहले आईआईटी  की प्लैटिनम जुबली के उपलक्ष्य में एक स्मारक सिक्का जारी करेंगे। संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने बताया कि पीएम संस्थान के नेताजी ऑडिटोरियम में छात्रों से बातचीत भी करेंगे। यह मोदी का इस कैंपस में पहला दौरा होगा। उनके साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि भी मौजूद रहेंगे।
चक्रवर्ती ने कहा-जब हमने पिछले साल प्लैटिनम जुबली समारोह की शुरुआत की थी, तब हमने उनसे संस्थान में आने का अनुरोध किया था। उन्होंने हमारे अनुरोध का सम्मान किया है।
चक्रवर्ती ने आगे कहा-हमें उम्मीद है कि वे अपने दौरे के दौरान कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं करेंगे।
कुछ दिन पहले, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने आईआईटी  खड़गपुर को 12 सीटों के साथ एमडी (डॉक्टर ऑफ मेडिसिन) प्रोग्राम शुरू करने की अनुमति दी थी। इसके साथ ही, यह एमडी  कोर्स कराने वाला पहला IIT बन गया है। इसकी कक्षाएं जनवरी से शुरू होनी हैं।
चक्रवर्ती ने कहा-प्रधानमंत्री के संबोधन में एमडी  प्रोग्राम की शुरुआत का जिक्र जरूर होगा। संभव है कि वे इस पर कोई औपचारिक घोषणा भी करें। छात्र और शिक्षक उनके दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उनसे बातचीत करने के मौके को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने आगे कहा-हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री हमें टेक्नोलॉजी-आधारित मेडिकल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इससे जुड़े क्षेत्रों में रिसर्च को लेकर मार्गदर्शन देंगे। संस्थान इस दौरे के दौरान राष्ट्र-निर्माण में अपने योगदान को भी प्रदर्शित करना चाहता है। मोदी कैंपस में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
गौरतलब है कि साल 2021 में भी मोदी का आईआईटी  खड़गपुर आने का कार्यक्रम था। उस समय उन्हें कैंपस के बाहरी इलाके में बने एक अस्पताल का उद्घाटन करना था, जिसका नाम भारतीय जनसंघ (जो बाद में बीजेपी  बनी) के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा गया है। इसके अलावा, उन्हें संस्थान के वार्षिक दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करना था। संस्थान के एक अधिकारी ने बताया-आखिरकार, उन्होंने वर्चुअल तरीके से इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News