सायोनी घोष को लेकर बीजेपी नेता ने दिया विवादित बयान

सिर कलम करने पर किया 1 करोड़ के इनाम का ऐलान

सायोनी घोष को लेकर बीजेपी नेता ने दिया विवादित बयान


निज संवाददाता : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक विवादित बयान को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सिकंदराबाद नगर पालिका के चेयरमैन और बीजेपी नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित ने तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद सायोनी घोष को लेकर बेहद विवादित टिप्पणी की है।
एक विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉ. प्रदीप दीक्षित ने कथित तौर पर कहा कि जो कोई भी सायोनी घोष का कटा हुआ सिर लाएगा, उसे 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।
वायरल वीडियो में दीक्षित यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह रोज भगवान शिव की पूजा करते हैं और सायोनी घोष के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है। यह बयान सिकंदराबाद में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिया गया था। इस प्रदर्शन को आयोजकों ने हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के खिलाफ बताया। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर हिंदू संगठनों द्वारा करीब 3100 किलोमीटर की पदयात्रा भी निकाली जा रही थी। कार्यक्रम के बाद दीक्षित के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
यह पूरा विवाद सायोनी घोष के एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है। यह पोस्ट पहली बार 2015 में सामने आया था और बाद में 2021 के पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान फिर चर्चा में आया। उस पोस्ट को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर  भी दर्ज की गई थी.हालांकि सायोनी घोष ने पहले ही सफाई देते हुए कहा था कि साल 2015 में उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और उसी दौरान यह पोस्ट किया गया था। उन्होंने दावा किया था कि अकाउंट वापस मिलने के बाद उन्होंने तुरंत वह पोस्ट हटा दिया था।
इस मामले पर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी  नेता के बयान की कड़ी आलोचना की है। बुलंदशहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष जियाउर रहमान ने कहा कि किसी महिला की हत्या पर इनाम घोषित करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर  दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक दलों में ऐसे लोग रहेंगे तो महिलाएं खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगी। उन्होंने बीजेपी  नेतृत्व से भी कार्रवाई की मांग की।
वहीं बीजेपी  जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि डॉ. प्रदीप दीक्षित का बयान उनकी निजी राय है और पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा के पक्ष में रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई औपचारिक शिकायत मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News