राज्य में अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनका मंत्रिमंडल राज्य भर में गैर-सरकारी और कथित तौर पर अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
इस फैसले के बारे में बात करते हुए बीजेपी विधायक सजल घोष ने कहा कि यह उनकी पार्टी के एजेंडे का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में सभी बिना सहायता प्राप्त और अवैध मदरसों को बंद किया जाएगा।
इसके साथ ही सजल घोष ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा-यह मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अभियान नहीं है। हमें मदरसे से डॉक्टर या इंजीनियर नहीं मिलते। यह मदरसे के खिलाफ नहीं है, सभी अवैध संस्थानों को बंद किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि हमारा विरोध मदरसों से नहीं बल्कि अवैध संस्थानों से है।
इससे पहले बीजेपी विधायक अर्जुन सिंह ने भी सड़कों और खुले स्थानों पर सार्वजनिक नमाज पर प्रतिबंध लगाने की सरकार की योजनाओं के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक में इस विषय पर कई निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा-सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी। लोग मस्जिदों में नमाज पढ़ें, लेकिन सड़क पर यह बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता के रेड रोड इलाके में पहले जिस तरह सार्वजनिक नमाज होती थी, वैसी स्थिति अब देखने को नहीं मिलेगी।
