याचिकाकर्ता परिचित निकलने पर सीजेआई ने मामले से खुद को अलग किया
निज संवाददाता : यह पता चलने पर कि याचिकाकर्ताओं में से एक उनका परिचित है, मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्य कांत ने खुद को इस मामले से अलग कर लिया। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले की सुनवाई के लिए एक विशेष पीठ (बेंच) का गठन किया जाएगा। यह मामला एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट से जुड़े विवाद का है।
इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश कांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ कर रही थी। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई पूरी हो चुकी थी और पीठ ने 16 नवंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। हालांकि, सोमवार को जब अदालत बैठी, तो मुख्य न्यायाधीश ने खुद को मामले से अलग कर लिया और बताया कि याचिकाकर्ताओं में से एक उनका परिचित है।
मुख्य न्यायाधीश कांत ने कहा-असल में, याचिकाकर्ताओं में से एक मेरा परिचित है। मुझे एक विशेष पीठ का गठन करना होगा... वे कोई रिश्तेदार नहीं हैं, बल्कि एक परिचित हैं। यह बात पहले ही बता दी जानी चाहिए थी। बिना वजह इस मामले में पक्षकार बनने की क्या जरूरत थी?
मालूम हो कि रियल एस्टेट फर्म 'सुपरटेक' के दिवालिया होने से पैदा हुई जटिलताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक मामला लंबित था। कंपनी के हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में घर खरीदने वाले कुछ लोगों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। यह मामला पहले नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) के पास था, जिसने सरकारी कंपनी नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसी) को फर्म के 16 रुके हुए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को पूरा करने का निर्देश दिया था। बाद में यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। इससे पहले, सुपरटेक की दिवालिया प्रक्रिया के संदर्भ में, सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया था कि उसकी मुख्य चिंता घर खरीदार और प्रोजेक्ट्स को पूरा करना है।
