कारोबारियों ने पुलिस के सामने रंगदार को पीटा

कारोबारियों ने पुलिस के सामने रंगदार को पीटा


निज संवाददाता :  बंगाल में टीएमसी की विदाई और शुभेंदु सरकार के आने के बाद माहौल बदलने लगा है। जो कारोबारी पहले रंगदारी में पैसे देने के लिए मजबूर थे, अब न सिर्फ मुखर होने लगे हैं बल्कि विरोध भी दर्ज करा रहे हैं। ऐसा ही मामला कोलकाता के सॉल्टलेक के सीए  मार्केट में आया है। छोटे कारोबारियों ने स्थानीय पार्षद के नाम पर रंगदारी वसूलने वाले की शिकायत पुलिस से की। पूछताछ के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि कारोबारियों ने पुलिस की मौजूदगी में उसे पीट दिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रंगदारी मांगने के आरोपी का नाम चंदन भट्टाचार्य है। वह सीए मार्केट में लोकल कारोबारियों से चंदे के नाम पर पैसे वसूलता था। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि वह वसूली के लिए स्थानीय वार्ड नंबर 39 के टीएमसी पार्षद के नाम का इस्तेमाल करता था। जब व्यापारियों ने अपनी शिकायतें बताईं,  तो भट्टाचार्य को विधाननगर पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान वसूली से नाराज स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने उसे पीट दिया। विधाननगर पुलिस आरोपी चंदन भट्टाचार्य को किसी तरह बचाकर ले गई।
बता दें कि विधाननगर ( साल्टलेक ) विधानसभा सीट पर इस बार बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला था। बीजेपी के उम्मीदवार और प्रसिद्ध ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता और मंत्री सुजीत बोस को करारी शिकस्त देते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में डॉ. शारद्वत मुखर्जी को कुल 97,799 वोट मिले और उन्होंने सुजीत बोस को 37,330 वोटों के बड़े अंतर से हराया। यह नतीजा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इस सीट पर पिछले डेढ़ दशक से टीएमसी का पूर्ण वर्चस्व रहा था।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News