मां कैंटीन में हफते में दो दिन मिलेगा मछली-चावल
5 रुपए में जारी रहेगी सेवा
निज संवाददाता : अब से मां कैंटीन में हफ्ते में दो दिन मछली और चावल मिलेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कल्याणी में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मां कैंटीन में मछली और चावल सिर्फ 5 रुपए में मिलेगा।
गौरतलब है कि राज्य में सत्ता के फेरबदल के बाद, भाजपा सरकार ने कहा था कि राज्य में कोई भी सामाजिक प्रोजेक्ट बंद नहीं किया जाएगा। हालांकि फेरबदल के कारण कुछ प्रोजेक्ट की सेवाएं कुछ समय के लिए निलंबित कर दी गई थीं, लेकिन सभी प्रोजेक्ट फिर से शुरू किए जाएंगे। इसी के तहत, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मां कैंटीन को लेकर एक बड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि अब से मां कैंटीन में हफ्ते में दो दिन मछली और चावल परोसा जाएगा। लेकिन सरकार कीमत में कोई बदलाव नहीं करेगी। लोग सिर्फ 5 रुपए में मछली और चावल खा सकेंगे।
मंगलवार को कल्याणी में एक प्रशासनिक बैठक के बाद, शुभेंदु अधिकारी ने मां कैंटीन को लेकर राज्य सरकार के इस फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में कुल 367 मां कैंटीन हैं। ये सभी चालू रहेंगी। फिलहाल, इन कैंटीन की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उनके शब्दों में-हम हफ़्ते में 2 दिन मछली परोसेंगे। हम इसे 5 रुपए में परोसेंगे।
