मैं चुनौतियों को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता

आईआईटी  खड़गपुर में बोले पीएम  मोदी

मैं चुनौतियों को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता

निज संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में छात्रों और प्रोफेसर्स को संबोधित करते हुए कहा कि आईआईटी खड़गपुर कीर्तिमान रच रहा है। उन्होंने कहा कि 75 साल की यात्रा ऐतिहासिक है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा-मैं चुनौतियों को चुनौती दिए बगैर नहीं रह सकता।  उन्होंने कहा चुनौतियों से हार मतलब सपनों को सीमित करना है। उन्होंने कहा- हमारी क्षमता इस बात से तय होती है कि हम कितनी चुनौतियों का सामना करने का साहस रखते हैं। मैं चुनौतीपूर्ण चुनौतियों को स्वीकार किए बिना नहीं रह पाता। अक्सर, लोग खुद पर ही सीमाएं थोप लेते हैं’।
पीएम मोदी ने कहा कि अपनी स्थापना के 75 सालों में आईआईटी  खड़गपुर ने बहुत सारे मील के पत्थर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि इन 75 सालों में भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक, डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बदलाव के हर दौर में देश के पहले आईआईटी  के तौर पर आईआईटी  खड़गपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं यहां सभी को बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो आईआईटी  खड़गपुर का 75 सालों का अनुभव देश के विकास में, देश के नवाचार प्रोफ़ाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने कहा मुझे विश्वास है कि आप आज के आकांक्षी भारत के सपनों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।
पीएम ने कहा-मुझे आने में देरी हुई, इसके लिए आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आईआईटी  खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में आज मेरे सामने भारत का वर्तमान और भविष्य जुड़ा है। आज हम सब इस संस्थान के 75 साल की यात्रा को सेलिब्रेट करने के लिए यहां जमा हुए हैं। हमने 75 साल में बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। आईआईटी खड़गपुर ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। मैं यहां के सभी टीचर्स और छात्रों को बहुत बधाई देता हूं’।
पीएम मोदी ने कहा-आईआईटी  खड़गपुर की कुछ यादें ऐसी होती हैं, जो जिंदगीभर याद रह जाती हैं। दूसरे संस्थानों में हॉस्टल होते हैं लेकिन आपके यहां हॉल होते हैं। मैं जानता हूं कि हर स्टूडेंट को अपने हॉल पर गर्व होता है।  उन्होंने कहा-यहां से आईडियाज को बल मिला और नेशनल मूवमेंट हुआ। यहां डिटेंशन कैंप हुआ करता था। आप कल्पना कीजिए, जो स्वतंत्रता सेनानी डिटेंशन कैंप में रहे होंगे, वह उस समय क्या बातें करते हैं। आज भी उनकी आवाज पूरे वायुमंडल में मंत्र की तरह गूंजती होगी जो आपको भी प्रेरणा देगी।
पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है। भारत ने डंके की चोट पर कहा… ब्रेक द लिमिट, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज।
पीएम मोदी ने कहा-हमने भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को भारत के नौजवानों के लिए खोल  कर दिया और आज आप देखिए आईआईटी  खड़गपुर से निकले एक छात्र  पवन ने स्काईरूट एयरोस्पेस बनाकर भारत को पहला निजी रॉकेट लॉन्च करने का गौरव दिया है। आज ऐसे बहुत सारे अंतरिक्ष स्टार्टअप भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई स्पीड से आगे बढ़ा रहे हैं। कभी ये चीजें असंभव लगती थी, लेकिन आज ये सब यथार्थ  है, और मैं गर्व से कह सकता हूं कि आपके एल्युमेनी ने इस असंभव  को संभव  करने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। 
प्रधानमंत्री ने कहा-20 साल पहले तक, हमारे देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या माना जाता था। पांच दशक पहले भी, लाल किले से गरीबी मिटाने के नारे लगाए जाते थे। लेकिन, जब नीति बनाने की बात आती थी, तो पूरा सिस्टम बस फाइलें तैयार करके बैठ जाता था। ऐसा इसलिए था क्योंकि उस समय यह आम धारणा थी कि गरीबी को कभी खत्म नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा-जब हम सत्ता में आए, तब भी हालात कुछ अलग नहीं थे। लेकिन जब मैंने लाल किले से घोषणा की कि मैं शौचालय बनवाऊंगा, तो संसद में कुछ लोगों ने इस विचार का मजाक उड़ाया। वे यह नहीं समझ पाए कि गरीब माताओं और बहनों के लिए शौचालय की सुविधा कितनी महत्वपूर्ण है। पिछले 12 सालों में, हमने इसी सोच को बदलने का काम किया है। मैं ‘सशक्त बनाने के लिए शक्ति’ के मूल सिद्धांत पर काम करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है। जब आईआईटी  खड़गपुर ने अपनी यात्रा शुरू की तब भारत की आजादी नई-नई थी। देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय देश को अपनी उद्योगऔर आधारभूत संरचना के लिए इंजीनियर्स की जरूरत थी। जैसे-जैसे देश की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ी, यहां के स्नातकों ने हमारे अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।  पीएम मोदी ने कहा-चिप से लेकर जहाज तक सब कुछ यहीं होगा (भारत में निर्मित) और आप जैसे नौजवानों के हाथों से होंगे।
पीएम मोदी ने कहा-बंगाल की ये धरती वो धरती है, जहां विचारों को बल मिला है। जहां से राष्ट्रीय आंदोलन बने हैं। ये संस्थान तो उसी जगह पर बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। आप कल्पना कीजिये, जो स्वतंत्रता सेनानी यहां रहे होंगे, वो दिनभर क्या बातें करते होंगे, क्या सोचते होंगे। इस पूरे वायुमंडल में उनकी उस समय की जिंदगी, उस समय की सोच, उस समय की गतिविधि आज भी एक मंत्र की तरह गूंजती होगी। जो आप लोगों को प्रेरणा देती होगी।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News