युवराज सिंह की आईपीएल में वापसी तय
अभिषेक शर्मा और प्रियांश आर्या जैसे खिलाड़ियों को किया मेंटर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह की आईपीएल में वापसी लगभग तय हो गई है, जिसमें वह इस बार दिल्ली कैपिटल्स टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल होकर नई जिम्मेदारी का आगाज करेंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन को खत्म हुए अभी अधिक समय नहीं बीता है तो वहीं अभी से अगले सीजन को लेकर अभी से फ्रेंचाइजियों ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है। इसी बीच भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसमें वह आईपीएल 2027 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स टीम के सपोर्ट स्टाफ में दिखने वाले हैं। युवराज के अलावा टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली जो पहले भी दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ के सदस्य रहे हैं उनकी भी वापसी तय मानी जा रही है।
अभिषेक शर्मा और प्रियांश आर्या जैसे खिलाड़ियों को किया मेंटर
युवराज सिंह को लेकर समाचार न्यूज एजेंसी पीटीआई पर सामने आई खबर के अनुसार युवराज सिंह आईपीएल के 20वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स टीम के बल्लेबाजी कोच पद को संभाल सकते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट और फ्रेंचाइजी लीग को अलविदा कहने के बाद से 44 साल के युवराज सिंह पिछले काफी समय से कई युवा खिलाड़ियों के लिए मेंटर की भूमिका को अदा कर रहे हैं जिसमें अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या का नाम प्रमुख तौर पर शामिल है जिन्होंने आईपीएल 2026 के सीजन में शानदार प्रदर्शन बल्ले से किया था। युवराज सिंह पहली बार आधिकारिक तौर पर आईपीएल में कोचिंग के सेटअप में कदम रखेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए काफी निराशाजनक रहा था आईपीएल 2026 सीजन
अब तक एकबार भी आईपीएल ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर सकी दिल्ली कैपिटल्स टीम ने 19वें सीजन की शुरुआत तो काफी शानदार तरीके से की थी लेकिन उसके बाद उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली। लीग स्टेज के मुकाबले खत्म होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स 14 मैचों में से सिर्फ 7 में ही जीत हासिल कर सकी और 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा जिसके चलते वह प्लेऑफ में भी अपनी जगह पक्की नहीं कर सके थे। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल के अलावा हेड कोच हेमंग बदानी को कई फैसलों के चलते आलोचना का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब अगले सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग सेटअप में बदलाव तय है जिसमें युवराज सिंह और सौरव गांगुली की एंट्री होगी। इसके अलावा स्क्वाड में भी कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
