दिल्ली पुलिस ने धरना दे रहीं ममता बनर्जी को हिरासत में लिया
डेरेक और डोला के खिलाफ भी कार्रवाई की गई
निज संवाददाता : टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के दूसरे नेता दिल्ली के साउथ एवेन्यू में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ ने ममता बनर्जी समेत डेरेक ओ ब्रायन, डोला सेन, प्रतिमा मंडल और समीरुल इस्लाम को हिरासत में ले लिया। सभी को प्रिजन वैन में बैठाकर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
हिरासत में लिए जाने के बाद ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को गिरफ्तार करना कब से आम बात हो गई है। टीएमसी ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध के दौरान बातचीत करने के बजाय गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
टीएमसी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा कि ‘मो-शाह की जोड़ी’ भले ही हदें पार करती रहे, लेकिन कोई भी सरकार जवाबदेही से ऊपर नहीं है और कोई भी सत्ता हमेशा के लिए नहीं रहती। पार्टी ने इस कार्रवाई को ‘लोकतंत्र के लिए एक काला दिन’ बताया और कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई कभी नहीं रुकनी चाहिए।
