बैरकपुर में बुलडोजर से टीएमसी के दफ्तर को किया गया जमींदोज
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ताजा मामला बैरकपुर इलाके में सामने आया है, जहां टीएमसी के एक बिना मंजूरी के बने पार्टी दफ्तर को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में अधिकारियों की भारी मौजूदगी के बीच एक जेसीबी मशीन को इस अवैध इमारत को ढहाते हुए साफ देखा जा सकता है। प्रशासनिक अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह कार्रवाई राज्यभर में सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
यह कार्रवाई उत्तर 24 परगना के ही टीटागढ़ में 30 मई को की गई एक अन्य बड़ी कार्रवाई के ठीक कुछ हफ्ते बाद हुई है। वहां भी टीएमसी के एक कार्यालय पर बुलडोज़र चलाया गया था। बता दें की बंगाल की नई बीजेपी सरकार ने सरकारी संपत्तियों पर किए गए कथित अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। टीटागढ़ नगरपालिका के तहत वार्ड नंबर 12 में सिर्फ पार्टी दफ्तर ही नहीं, बल्कि पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में आस-पास बनी कई अवैध दुकानों को भी ध्वस्त कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, यह दफ्तर स्थानीय टीएमसी नेता इनाम खान द्वारा संचालित किया जा रहा था। इनाम खान प्रशासन ने उसी दिन गिरफ्तार भी कर लिया था। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस स्थान और आस-पास की दुकानों का इस्तेमाल कथित रूप से गैर-कानूनी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। बता दें कि कि पूरे पश्चिम बंगाल में अवैध कब्जा हटाने के लिए 27 मई से एक व्यापक और बड़ा अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत बिना अनुमति और अवैध रूप से बनी व्यावसायिक व राजनीतिक इमारतों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
